ज्वेलर्स की दुकान पर हुई 20 लाख रुपए के आभूषणों की चोरी का पर्दाफाश

बच्चों से चोरी कराने वाली गैंग पुलिस के हत्थे चढ़ी

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:खाचरौद में 20 लाख की चोरी सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने टीम का गठन कर चोरों की तलाश में लगाया गया जिसका परिणाम यह रहा कि 10 घंटे के अंदर पुलिस टीम ने चोर गैंग को पकड़ा और चोरी के आभूषण भी जब्त कर लिये। खास बात यह कि गैंग द्वारा बच्चों से चोरी की वारदातें कराई जाती थीं।
यह था मामला
4 अप्रैल को रात्रि गश्त में तैनात पुलिस द्वारा खाचरौद स्थित मन्नालाल माणकलाल ज्वेलर्स की दुकान का टूटा ताला देखकर संबंधित ज्वेलर्स को सूचना की। जिस पर ज्वेलर्स महेन्द्र पिता माणकलाल जैन नागदा उम्र 62 साल निवासी 24, अन्नपूर्णा मार्ग खाचरौद मौके पर बुलाया। दुकान के अंदर ज्वेलर्स द्वारा देखने पर ग्राहकों के गिरवी रखे चांदी के आभूषण, चांदी के नये आभूषण, सोने की अंगूठी, टाप्स, मंगलसूत्र, मुरकी आदि दुकान की तिजोरी में नहीं मिले कोई अज्ञात बदमाश दुकान का शटर उचकाकर तथा तिजोरी तोड़कर चांदी के आभूषण कुल वजन 21 किलो 990 ग्राम कीमत 17,30,000 रुपये तथा सोना वजन करीब 28 ग्राम कीमत 1,95,000 रुपए कुल लगभग 20 लाख का सामन चोरी होना बताया जो थाना खाचरौद में केस दर्ज कर जांच में लिया गया।
लिव इन में रहते हैं महिला-पुरुष
आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए बच्चों से वारदात कराई थी। आरोपी कालू उर्फ ओमप्रकाश तथा कैलाशी बाई उर्फ प्रकाशी बाई दोनों ही शातिर चोर हैं तथा कैलाशी बाई के पति की मृत्यु उपरांत पति-पत्नी की तरह एक साथ रहते हैं। चोरी-चकारी ही इनका मुख्य काम है। इनके पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड हैं।
सीसीटीवी कैमरे से मिला सुराग
पुलिस टीम द्वारा अपराध गंभीर प्रकृति का होने से अधिकारियों के मार्गदर्शन में घटना की प्रत्येक एंगल से विवेचना प्रारंभ करते हुए पुलिस की एक टीम कस्बा खाचरौद एवं संदेहियों के खाचरौद में आने-जाने वाले मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने में तथा दूसरी टीम कस्बा खाचरौद एवं आसपास संपत्ति संबंधी अपराधों में पूर्व में गिरफ्तार बदमाशों की धरपकड़ में तथा पुलिस की तीसरी टीम नागदा शहर के संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त बदमाशों की तलाश एवं धरपकड़ हेतु रवाना की गई। मौके पर फिगर प्रिंट, पुलिस डॉग स्काड एवं सायबर टीम से मौका मुआयना कराया गया।
टीमों के संयुक्त प्रयास से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त हुई तथा पुलिस को यह लीड मिली कि बदमाश घटना के बाद नागदा की ओर जाते दिखाई दिए, जिस पर नागदा के बदमाशों की धरपकड़ में लगी टीम को अलर्ट किया गया। स्थानीय मुखबिरी, पुलिस के सूत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संभावित संदेहियों की पहचान के सुराग प्राप्त हुए।
संभावित संदेहियों के घटना स्थल पर उपस्थिति के संबंध में पड़ताल करने पर विधि विवादित बालकों के नाम पते ज्ञात हुए जिनकी जांच करने पर घर से फरार होने की जानकारी मिली। लगातार नजर रखने एवं तलाश करने पर घटना में अन्य दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। बदमाशों द्वारा खाचरौद में दिन के समय में रैकी कर योजनाबद्ध तरीके से रात्रि में टामी से दुकान का शटर उचकाकर घटना को अंजाम दिया था।
यह माल बरामद
चांदी के आभूषण 22.800 किलो ग्राम, सोने के आभूषण 50 ग्राम, लोहे की एक टामी व दो मास्क एवं टोपी। एक मोटर साईकिल व घटना में प्रयुक्त स्मार्ट फोन।
महिला को साथ रख बच्चों से कराते थे चोरी
पुलिस गिरफ्त में आये कालू उर्फ ओमप्रकाश उर्फ अजय पिता मदनलाल बोडाना निवासी ग्राम सगवाली थाना महिदपुर रोड वर्तमान हालमुकाम चेतनपुरा नागदा के विरूद्ध पूर्व के 6 अपराध जानकारी में आये हैं जो थाना नागदा, बिरलाग्राम एवं खाचरौद के होकर चोरी नकबजनी और मारपीट के है।
अन्य जिलों से अपराधिक रिकॉर्ड तलाश जा रहा है। उसकी साथी कैलाशीबाई उर्फ प्रकाशीबाई पति शंकरलाल परमार जाति बागरी उम्र 35 साल निवासी ग्राम गिंदवानिया वर्तमान हालमुकाम चेतनपुरा नागदा के विरूद्ध पूर्व के 4 अपराध जानकारी में आये हैं जो थाना नागदा बिरलाग्राम एवं खाचरौद के होकर चोरी नकबजनी और मारपीट के है। अन्य जिलों से अपराधिक रिकार्ड तलाश जा रहा है। उक्त दोनों के अलावा दो बाल अपचारियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आईजी संतोष कुमार सिंह द्वारा टीम को 20,000 रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।
ऐसे करते थे वारदात
बदमाश रात्रि के समय चोरी करने के आदी हैं तथा महिला साथ में होने से कोई शंका नहीं करते इसलिये कालू उर्फ ओमप्रकाश अपने साथ कैलाशी बाई को रखता है और बच्चों से रैकी करवाकर चोरी करवाते हंै और घटनास्थल से कुछ दूरी पर खड़े रहकर अपराध होने के उपरांत चोरी का माल लेकर फरार हो जाते हैं।









