दो घंटे तक तीन घरों में आराम से वारदात को अंजाम देते रहे

नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के मोतीबाग कॉलोनी की चोरी सीसीटीवी में कैद
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नानाखेड़ा थाने के मोतीबाग में दो घंटे तक तीन घरों में बदमाश आराम से वारदात को अंजाम देते रहे और लोग सोते रहे। तीनों घरों में करीब 55 लाख से ज्यादा का माल चोरी हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल, चोरी की यह वारदात शनिवार-रविवार की दरम्यिानी रात की है। मोतीबाग में रहने वाले अमित मिश्रा, सबिता और आनंद ठाकुर घरों से बाहर थे। सूने मकान उनका निशाना बन गए। इस दौरान उन्होंने तीनों घरों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, चांदी की भगवान की प्रतिमाएं, थालियां और कीमती सामान चुरा लिया।
सीसीटीवी में चार संदिग्ध दिखें
कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार संदिग्ध दिखाई दिए हैं। काले कपड़े पहने इनमें से दो बदमाश अलग-अलग मकानों के ताले तोड़ते दिख रहे हैं। पीछे से बाद में दो और बदमाश आते दिख रहे हैं और यह रात 2.50 बजे घर में घुसते दिख रहे हैं। ऐसा लगता है कि जैसे चोरों ने इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया होगा।
शातिर चोर
चोरों की यह गैंग पहले ताला तोड़ती है। फिर कुछ देर के लिए आगे चली जाती है। थोड़ी देर बाद यह अलग-अलग मकानों में घुसते हैं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। गैंग के सदस्य नंगे पैर रहते हैं। इसकी वजह संभवत: यह हो सकती है कि वारदात को अंजाम देते समय चलने की आवाज न आए।









