ड्रायवर को पीटने वाला ट्रांसपोर्ट कंपनी का मैनेजर, एक अन्य हिरासत में

चोरी करने वाले भयभीत हो, इसलिए डंडो से पीटा, जूते चटवाये और वीडियो वायरल किया

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन:ट्रांसपोर्ट मैनेजर द्वारा ट्रक ड्रायवर को डंडे से पीटकर जूते चटवाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया। मामला सामने आने पर पुलिस ने केस दर्ज कर मैनेजर सहित एक अन्य को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि नितेश धाकड़ पिता रामबाबू निवासी बम्होरी विदिशा ट्रक ड्रायवर है और महेश्वरी ट्रांसपोर्ट कंपनी बडऩगर बायपास जीवनखेड़ी के यहां नौकरी करता था। 2 अप्रैल को 30 टन अनाज ट्राले में भरकर मंडी के सरकारी गोडाऊन में खाली करने गया। वहां मैनेजर उत्तम दांगी पहुंचा और अपनी कार में बैठाकर ट्रांसपोर्ट आफिस ले गया। वहां उसने चोरी का आरोप लगाते हुए डंडे से मारपीट की व जूते चटवाये।
यह घटना अजमेर सिंह ड्रायवर ने भी देखी। मैनेजर उत्तम दांगी ने मारपीट व जूते चाटने का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उक्त वीडियो पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने नितेश धाकड़ की तलाश की। उसे थाने लाकर उत्तम दांगी व अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया और फिर उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया।
उत्तम दांगी ने पुलिस को बताया कि ड्रायवर ट्रक व ट्रालों से अनाज की बोरी चोरी करते हैं। नितेश ने भी चोरी की थी। नानाखेड़ा थाने में शिकायती आवेदन दिया लेकिन पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की इस कारण नितेश को पीटकर वीडियो बनाया ताकि चोरी करने वाले दूसरे ड्रायवरों को सबक मिल सके।









