नायब तहसीलदार के सूने घर का ताला तोड़ा, 3 लाख का माल ले गए दो बदमाश

दोनों दीवार फांदकर घर में घुसे थे
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शिप्रा विहार के डी सेक्टर में रहने वाले देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के नायब तहसीलदार पारस वैश्य के सूने घर का ताला तोडक़र बदमाश 3 लाख रुपए का माल समेट ले गए। वैश्य 15 दिन में घर आते हैं। घटना के समय घर सूना था।
वैश्य के मुताबिक बदमाश फ्रंट गेट का ताला तोडक़र मकान में दाखिल हुए थे। वह 500 ग्राम चांदी , 8 ग्राम वजनी सोने की चेन, बच्चे के सूरज पूजन में आए गहने सहित कीमती सामान ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 3 लाख रुपए है।
घटना से पहले दो बदमाश घर के आसपास दिखे हैं। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बदमाशों में से एक के पास बैग है, जबकि दूसरा खाली हाथ है। दोनों ने सिर पर टोपी और ग्लब्स पहन रखे हैं। दोनों बदमाश दीवार फांदकर घर के अंदर गए।
आरोपियों ने इंटरनल लॉक तोडक़र घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने अलमारी सहित पूरा घर खंगाल डाला। इनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। टीआई कमल निंगवाल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।









