न OTP, न पासवर्ड… फिर खाते से कैसे उड़ गए ₹1.72 लाख?

उज्जैन। एपीके फाइल भेजने वाले आरोपियों ने खजूरिया रेहवारी और देवास रोड स्थित नयापुरा चंदेसरी निवासी दो लोगों के बैंक खाते से 1 लाख 72 हजार रुपए निकाल लिए।
धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने अपील की है कि अनजान नंबर से आई लिंक पर क्लिक न करें न ही वाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी एपीके फाइल इंस्टाल करें।
देवास रोड स्थित नयापुरा चंदेसरी निवासी 33 वर्षीय धर्मेंद्र पिता ओमप्रकाश बागवान ने पुलिस को बताया 14 अगस्त को दोपहर 1:45 बजे उनके मोबाइल पर अपर्याप्त बैंक बैलेंस का मैसेज आया था। मैसेज में लिंक देकर एक फॉर्म भरने के निर्देश दिए थे और जानकारी नहीं देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
धर्मेंद्र ने लिंक पर क्लिक किया और उनके बैंक खाते से 41 हजार रुपए निकल गए। धर्मेंद्र ने सायबर पोर्टल पर शिकायत की। इसपर नरवर पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा में प्रकरण दर्ज किया है।
धोखाधड़ी की अन्य वारदात ग्राम खजूरिया रेहवारी निवासी सतीश परमार के साथ हुई। सायबर फ्रॉड करने वाले ने उनके क्रेडिट कार्ड से लिंक मोबाइल का नंबर बदलकर 1 लाख 31 हजार रुपए निकाल लिए।
मोबाइल नंबर बदलने का मैसेज परमार के पुराने नंबर पर आया तो उन्होंने बैंक से जानकारी निकाली तब धोखाधड़ी का पता चला। परमार ने पुलिस को बताया उनके पास न कोई ओटीपी नंबर आया न ही उन्होंने किसी को क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड बताया। धोखाधड़ी कैसे हुई इसकी जानकारी नहीं है।









