महाकाल त्रिनेत्र प्रोजेक्ट राष्ट्रीय ई गर्वनेस पुरस्कार के लिए चुना

सीएम ने अफसरों-कर्मचारियों को दी बधाई
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। उज्जैन ने गुरुवार को एक और उपलब्धि हासिल कर ली। श्री महाकालेश्वर मंदिर का त्रिनेत्र प्रोजेक्ट राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है। प्रदेश से दो प्रोजेक्ट चुने गए है। दूसरा प्रोजेक्ट ई-नगरपालिका में साइबर सुरक्षा व्यवस्था का है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने दोनों पुरस्कार मिलने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए अफसरो और कर्मचारियों को बधाई दी है।
दरअसल यह प्रोजेक्ट महाकाल रुद्रसागर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट एरिया तथा श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा और निगरानी के लिए तैयार किया गया था। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रोजेक्ट का संचालन करता है। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बताया कि प्रोजेक्ट में मंदिर परिसर का सुरक्षा व्यवस्था को ए आई से जोड़ा गया है।
क्या है प्रोजेक्ट
त्रिनेत्र एक अत्याधुनिक एआई आधारित वीडियो सर्विलांस प्रणाली है, जिसमें उन्नत फेसियल रिकॉग्निशन, वाहन नंबर प्लेट पहचान , रियल-टाइम वीडियो एनालिटिक्स और भीड़ प्रबंधन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यह प्रणाली मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी करती है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करती है। प्रोजेक्ट के तहत 500 से अधिक एआई कैमरे संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करते हैं और भीड़ नियंत्रण और जांच प्रक्रिया को प्रभावी बनाते हैं।
कब मिलेगा पुरस्कार: केंद्र सरकार का राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन में दिया जाएगा।








