आलीराजपुर से धार जा रही थी बीयर की खेप

आरोपी 3 दिन की पुलिस रिमांड पर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इंदौर रोड पर निनौरा टोल नाके पर पकड़ी बीयर की खेप आलीराजपुर से धार ले जाई जा रही थी। मामले में आलीराजपुर के दो शराब तस्करों के नाम ट्रक ड्राइवरों ने बताए हैं। ड्राइवरों को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस यह पता कर रही है कि धार, आलीराजपुर का निकटवर्ती जिला है ऐसे में आरोपी उज्जैन होते हुए बीयर क्यों ले जा रहे थे?
नानाखेड़ा पुलिस ने शनिवार देर रात ट्रक जीजे17 यूयू 9877 से माउंटेंड 6000 ब्रांड की बीयर की कुल 900 पेटियां (21,600 केन) बरामद की थी। दो आरोपियों रवि चौहान (22) और गमरा गुजरिया (26) दोनों निवासी ग्राम रामसिंह की चौकी आलीराजपुर को गिरफ्तार किया था।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि बीयर का जखीरा आलीराजपुर से ट्रक में लोड किया गया था। आरोपियों ने आलीराजपुर के बबलू रावत और बबलू पटेल के नाम बताए हैं। इन्होंने ट्रक में 900 पेटी बीयर भरवाई थी और धार में सुरक्षित खाली करने के निर्देश दिए थे।
जल्द होगा बड़ा खुलासा: पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से और भी सुराग मिलेंगे। पकड़ी बीयर की कीमत लाखों में है। आलीराजपुर से धार तक शराब पहुंचाने वाले पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए पुलिस कडिय़ां जोड़ रही है।
मुख्य आरोपियों के पकड़ाने पर पता चलेगी सही स्थिति
इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी बबलू रावत और बबलू पटेल को तलाश रही है। इनके पकड़ाने पर ही तस्करी की सही स्थिति पता चलेगी। चूंकि धार, आलीराजपुर का पड़ोसी जिला है। ऐसे में आरोपी उज्जैन रूट का उपयोग क्यों कर रहे थे। तस्करों के पकड़ में आने पर यह पता चलेगा।









