Advertisement

इंदौर रोड पर रेस्टोरेंट में वीडियो बनाने की बात को लेकर देर रात विवाद, फिर जमकर तोडफ़ोड़

पांच लोगों के खिलाफ नानाखेड़ा पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, एक लाख रुपए का नुकसान

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में इंदौर रोड स्थित एक फैमिली रेस्टोरेंट में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात वीडियो बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा तो बात मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद रेस्टोरेंट में जमकर तोडफ़ोड़ भी की गई। मामले में नानाखेड़ा पुलिस ने तोडफ़ोड़ करने वाले पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

फरियादी सोमकुमार पिता रतनलाल यादव (31) निवासी बालाजी एवेन्यू ने बताया कि इंदौर रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के पास उनका श्रीकृष्णा फैमिली रेस्टोरेंट है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12.15 बजे कुछ युवक रेस्टोरेंट के सामने आपस में झगड़ा कर रहे थे। मैं सड़क पर खड़ा होकर उनका वीडियो बना रहा था तभी कुछ युवक आए और मोबाइल छीन लिया और कहा कि वीडियो क्यों बना रहा है।

Advertisement

इसके बाद मैं अपने रेस्टोरेंट पर आ गया तभी विवाद कर रहे युवक रेस्टोरेंट में आए और गाली-गलौच करते हुए तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। उन्होंने बाहर से पत्थर और कुर्सियां फेंके जिससे कूलर, फ्रिज, डिस्प्ले काउंटर, छत की पीओपी, अंब्रेला, समोसा काउंटर, साउंड बॉक्स तहस नहस हो गए। इतना ही नहीं उन्होंने मेरे और स्टॉफ के साथ भी मारपीट की। एक-दो युवकों के पास चाकू भी थे और वह खुद को काला पत्थर का रहने वाले बता रहे थे। तोडफ़ोड़ से करीब १ लाख रु. का नुकसान हुआ। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी लेकिन तब तक युवक भाग निकले थे। फरियादी ने नानाखेड़ा थाने में प्रकरण दर्ज करवाया है।

डांसर हैं मारपीट करने वाले

Advertisement

नानाखेड़ा थाने के एएसआई राजेश जाट ने बताया तोडफ़ोड़ करने वाले युवक डांसर हैं जो शादियों में दूल्हा-दुल्हन की एंट्री करवाते हैं। वह एक शादी के इवेंट से लौट रहे थे। सभी रेस्टोरेंट पर पाउच-गुटखा खाने गए थे जहां विवाद में उन्होंने तोडफ़ोड़ की। मामले में आकाश, लखन, सनी, श्रवण और आशीष निवासी काला पत्थर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

गुंडागर्दी का विरोध किया तो पूरे परिवार को पीटा

उज्जैन। नानाखेड़ा इलाके में महावीर एवेन्यू के पीछे स्थित रेती घाट इलाके में रविवार रात 20 से अधिक बदमाशों ने एक परिवार के पांच लोगों को बुरी तरह पीटा। बचाने आए पड़ोसी को भी मारा। परिवार के लोग आरोपियों द्वारा इलाके में की जा रही गुंडागर्दी का विरोध करते थे।

घटना में घायल डालचंद पिता रतनलाल (40) निवासी रेती घाट ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आशीष नामक युवक अपने साथियों के साथ बदमाशी कर रहा था। नशे में आए दिन लोगों को गालियां देना और धमकाना इनका रोज का काम था। रविवार रात भी ये गालियां दे रहे थे। इसका विरोध किया तो उसने 20-25  साथियों को ई रिक्शा से बुला लिया। आरोपीगण आशीष, उसका पिता भूपेंद्र सहित देवू, पप्पू व करीब २० अन्य साथियों के साथ मिलकर डालचंद के परिवार पर हमला कर दिया। इसमें डालचंद की पत्नी दुर्गा, बेटा रामबाबू, साला विष्णु व भाई गोकुल गंभीर घायल हो गए। बचाने आए पड़ोसी राजू को भी आरोपियों ने बुरी तरह पीटा। सभी का चरक अस्पताल में इलाज चल रहा है। नानाखेड़ा पुलिस द्वारा मामले में कायमी की जा रही है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें