उज्जैन : हिस्ट्रीशीटर बदमाश से चैन बरामद, रासुका लगेगी

उज्जैन। गुरूवार रात लक्ष्मी नगर चौराहा क्षेत्र में रहने वाले बदमाश ने इसी क्षेत्र में एक व्यक्ति से चैन छीनी और दूसरे को पीटकर घायल किया। यहां से इसी बदमाश ने पंवासा मल्टी पहुंचकर युवक पर प्राणघातक हमला भी किया था। पुलिस ने उक्त बदमाश को हिरासत में लेकर सोने की चैन बरामद कर ली है। पुलिस ने बताया कि 36 क्वाटर क्षेत्र में बृजगोपाल यादव पिता बाबूलाल यादव निवासी लक्ष्मी नगर को रोककर चाकू अड़ाकर 7 ग्राम वजनी सोने की चैन बदमाश ने लूट ली थी। इसके बाद बदमाश ने इसी क्षेत्र में रहने वाले युवक से हफ्तावसूली में मारपीट की। यहां से बदमाश पंवासा मल्टी पहुंचा और यहां रहने वाले युवक पर प्राणघातक हमला किया था। मामले में खुशवंत को हिरासत में लेकर उसके पास से सोने की चैन और चाकू बरामद किया गया है। बदमाश पर रासुका की कार्रवाई की जाएगी।










