कार चालक ने पीछे से बाइक को टक्कर मारी, बुजुर्ग की मौत

पंथपिपलई में लकड़ी पूजन कार्यक्रम से लौट रहे थे
उज्जैन। पंथपिपलई में लकड़ी पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से लौट रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार से आई अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दरअसल, इंगोरिया क्षेत्र के ग्राम दंगवाड़ा में रहने वाले ६० वर्षीय राधेश्याम पिता कनीराम मुंडेल बुधवार को लकड़ी पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पंथपिपलई गए थे। वहां से बाइक से लौट रहे थे।
उनके पीछे बड़े भाई मोरीराम, उनकी पत्नी और बच्चे कार से आ रहे थे। रामवासा के पास तेज रफ्तार से आई अज्ञात कार के चालक ने राधेश्याम की बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीछे आ रहे परिजन घायल राधेश्याम को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक राधेश्याम किसान होने के साथ समाजसेवा का काम भी करते थे।









