कार छोड़ ई-रिक्शा से दौरे पर निकले महापौर

उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की बचत की अपील के बाद शुक्रवार को महापौर मुकेश टटवाल ई-रिक्शा से वार्डों के दौरे पर निकले। वे अपील भी कर चुके हैं कि हर शुक्रवार को वे खुद और नगर निगम के हर अधिकारी जिनके पास सरकारी कार है वो कार का उपयोग नहीं करेंगे।
शुक्रवार सुबह महापौर मुकेश टटवाल अपनी लग्जरी कार छोड़ ई-रिक्शा की सवारी कर कोठी रोड स्थित अटल पार्क पहुंचे। वहां उन्होंने सुबह की सैर पर आए आम नागरिकों से मुलाकात की और उनसे बैटरी चालित वाहनों को अपनाने व पेट्रोल-डीजल की बचत करने का आग्रह किया।
39 अधिकारियों के पास है निगम में सरकारी कार
नगर निगम के करीब 39 अधिकारियों को कार की सुविधा मिली हुई है। महापौर के मुताबिक, यदि सभी अधिकारी और पार्षद सप्ताह में सिर्फ एक दिन कार छोड़ दें, तो प्रति सप्ताह लगभग 250 लीटर पेट्रोल-डीजल की सीधी बचत होगी, जिससे निगम के राजस्व पर भी बोझ कम होगा।









