गुजरात पासिंग ट्रक से इंदौर जा रही 45 लाख की बीयर पकड़ी

नानाखेड़ा पुलिस ने आधी रात को इंदौर रोड पर की कार्रवाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नानाखेड़ा पुलिस ने शनिवार देर रात घेराबंदी कर ट्रक से 45 लाख रुपए कीमत की बीयर जब्त की है। यह बीयर अलीराजपुर के दो आरोपी इंदौर लेकर जा रहे थे। पकड़ा गया ट्रक गुजरात का है लेकिन यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ट्रक में बीयर कहां से लोड हुई थी।
सीएसपी श्वेता गुप्ता के साथ टीआई नरेंद्र कुमार यादव की टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक जीजे179877 में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर इंदौर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने निनोरा टोल के पास ट्रक पकड़ लिया। ट्रक में माउंटेंड 6000 ब्रांड की कुल 900 पेटियां(21,600 बीयर केन) थीं। पुलिस ने 900 पेटी बीयर (कुल 10,800 बल्क लीटर) कीमत 45 लाख और आयशर ट्रक कीमत 55 लाख को (कुल मशरुका 1 करोड़) जब्त किया है।
नानाखेड़ा टीआई नरेंद्रसिंह यादव ने बताया कि मौके से दो आरोपियों रवि चौहान (22 वर्ष), निवासी ग्राम रामसिंह की चौकी अलीराजपुर और गमरा गुजरिया (26 वर्ष) निवासी ग्राम रामसिंह की चौकी अलीराजपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
View this post on Instagram









