ठगी मामले में मेडिकल कॉलेज का नकली प्रिंसिपल गिरफ्तार

उज्जैन। बिहार के कटिहार मेडिकल कॉलेज में एनआरआई कोटे से एडमिशन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले जालसाज को नीलगंगा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कॉलेज का प्रिंसिपल बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पुलिस उसे कानपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर उज्जैन लेकर आई है, जहां वह 11 मई तक रिमांड पर रहेगा।

मंछामन गणेश कॉलोनी निवासी सतीशचंद्र पटेल (एमआर) ने 29 मार्च को नीलगंगा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे हर्ष का मेडिकल कॉलेज में एडमिशन को लेकर आरोपियों ने मेल और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया थाा और खुद को बिहार के कटिहार मेडिकल कॉलेज का प्रिंसिपल आरबी गुप्ता बताते हुए कहा कि कॉलेज में एक सीट खाली है वे एडमिशन दिला सकते हैं। जालसाज ने सतीशचंद्र को झांसे में लेकर 4.25लाख रुपए ठग लिए थे। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के जयंत सरकार को गिरफ्तार किया है।









