Advertisement

फर्नीचर कारखाने सहित 3 दुकानें जलकर खाक

शॉर्ट सर्किट से भड़की चिंगारी, फोम ने पकड़ी रफ्तार, एक करोड़ से अधिक का नुकसान

 

Advertisement

उज्जैन। आगर रोड स्थित खिलचीपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम शॉर्ट सर्किट के कारण एक फर्नीचर कारखाने में भीषण आग लग गई। आग ने इतना विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते पास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की आधा दर्जन गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 1 करोड़ रुपये की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई है।

घटना चिमनगंज थाना क्षेत्र के खिलचीपुर स्थित लाइफ स्टाइल फर्नीचर कारखाने की है। चश्मदीदों के अनुसार, शाम करीब 7.30 बजे कारखाने के पास बिजली के पोल पर लगे मीटर में शॉर्ट सर्किट हुआ। वहां से निकली चिंगारी बंद कारखाने में रखे सोफा बनाने के फोम पर जा गिरी। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने चंद मिनटों में पूरे कारखाने को घेर लिया।

Advertisement

पड़ोसी दुकानों तक पहुंची लपटें, मची अफरा-तफरी

कारखाने की भीषण लपटों ने पास ही स्थित वीरेंद्र दरबार की वेल्डिंग शॉप और अय्यूब खान की डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग का तांडव देख इलाके में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही नगर निगम फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। यह कारखाना साजिदा कुरैशी के नाम पर है और ईद के चलते पिछले दो दिनों से बंद था। कारखाने में रखे सोफे, अलमारी, बेड और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जल गए हैं। मौके पर पहुंची चिमनगंज पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की बिजली बंद करा दी, जिससे काफी देर तक अंधेरा छाया रहा। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Advertisement

युवकों ने बचा लीं कई गाडिय़ां

आग लगते ही डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान के बाहर खड़ी 15 से 20 बाइकों पर आग लगने का खतरा मंडराने लगा। वहां काम करने वाले कुछ युवकों ने जान जोखिम में डालकर गाडिय़ाँ हटाना शुरू किया। इस कोशिश में 4-5 युवकों के हाथ झुलस गए, लेकिन उनकी हिम्मत से बड़ा नुकसान टल गया। यदि समय पर बाइकें नहीं हटाई जातीं, तो पेट्रोल के कारण बड़ा धमाका हो सकता था।

 

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें