महाकाल क्षेत्र मेें फूल विक्रेताओं में विवाद शराब पिलाने लाए और चाकू घोंपकर भागे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाकाल मंदिर क्षेत्र में फूल प्रसाद बेचने वालों में विवाद की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अब ये विवाद जानलेवा होने लगे हैं। सोमवार को भी ऐसे ही एक विवाद में एक युवक को सिर मेें चाकू मारकर जान लेने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक जयसिंहपुरा निवासी दीपक पिता सुरेश माली (22) के साथ चाकूबाजी की घटना हुई है।

दीपक महाकाल मंदिर क्षेत्र मेें फूल प्रसाद बेचता है। यहीं पर आरोपीगण आकाश करेंसी और अजय भी फूल प्रसाद बेचते हैं। दोनों के बीच विवाद होता था। सोमवार शाम को आकाश व अजय विवाद सुलझाने का झांसा देकर दीपक को अपने साथ आगर रोड शराब दुकान पर ले गए। वहां से शराब पीकर तीनों आगर रोड पर आए और पुल के नीचे दीपक पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दीपक को चरक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मामले में चिमनगंज पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।









