महू घूमने गई युवती के साथ सामुहिक दुष्कर्म

इंदौर/महू:इंदौर के समीप महू क्षेत्र में एक बार फिर गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। अपने दोस्त के साथ घूमने गई एक युवती के साथ दो अज्ञात युवकों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

दोस्त को पीटा, फिर वारदात को दिया अंजाम
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पहले युवती के साथ मौजूद उसके दोस्त को लाठी-डंडों से पीटा और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद युवती को निशाना बनाकर अपराध को अंजाम दिया गया।
डायल 112 पर दी सूचना
किसी तरह युवक आरोपियों के चंगुल से बचकर बाहर निकला और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी स्थानीय ग्रामीण क्षेत्र के हो सकते हैं। पीड़िता इंदौर के एक कॉलेज की छात्रा है, जबकि दोनों पीड़ित धार जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुराने मामलों से भी जुड़ रहे कनेक्शन
पुलिस क्षेत्र में पहले हुई आपराधिक घटनाओं की भी जांच कर रही है। पहले भी महू इलाके में इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके चलते पुलिस पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
पुलिस ने दिखाए संदिग्धों के फोटो
जांच के तहत पुलिस ने पीड़िता को पहले से सक्रिय अपराधियों के फोटो भी दिखाए हैं, ताकि आरोपियों की पहचान में मदद मिल सके।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद स्थानीय क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त टीमें जांच में लगा दी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।









