लुटेरी दुल्हन और महिला साथी गिरफ्तार, एक फरार, तलाश जारी

शादी का झांसा देकर की थी ठगी, जेल भेजा

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शादी का झांसा देकर ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन गैंग का नानाखेड़ा पुलिस ने पर्दाफाश किया। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित दो महिलाओं को पकड़ा है जिन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि इनका एक साथी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
नानाखेड़ा पुलिस ने बताया कि राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के ग्राम डीकनिया की रहने वाली फरियादिया श्यामा पति कंवरलाल मोगिया अपने भाई पप्पू की शादी के लिए लडक़ी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मंदसौर निवासी कन्हा उर्फ कांजी कुमावत ने उन्हें एक महिला से संपर्क करवाने की बात कही और बताया कि वह इंदौर में लडक़ी दिखाने की व्यवस्था कर सकती थी। इसके बाद फरियादिया पक्ष को इंदौर बुलाया गया जहां उनकी मुलाकात संगीता ठाकुर से करवाई।
संगीता ने उन्हें ज्योति जाट नामक युवती को शादी के लिए दिखाया। युवती पसंद आने पर आरोपियों ने शादी तय करने के नाम पर श्याम मोगिया 1.५० लाख रुपए लिए और यह कहकर फरियादी पक्ष को उज्जैन रवाना कर दिया कि वे दूसरी गाड़ी से पीछे-पीछे आकर शादी से संबंधित दस्तावेज तैयार करवाएंगे।
उज्जैन पहुंचने पर ज्योति जाट ने शादी से इंकार कर दिया और १.५० लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करते हुए विशेष टीम बनाई जिसने मुखबिर तंत्र की मदद से संगीता पति नरेंद्र ठाकुर (30) निवासी सूरजनगर, बंगाली चौराहा, इंदौर और ज्योति पति धर्मेंद्र जाट (२1) निवासी पालदा नाका, इंदौर को धरदबोचा, जबकि कान्हा उर्फ कांजी कुमावत निवास रेवास देवड़ा, मंदसौर फरार है जिसकी तलाश जारी है। टीआई नरेंद्र यादव ने बताया दोनों महिला आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
भोले-भाले लोगों को फंसाते थे
आरोपी भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर पहले लडक़ी दिखाते थे, फिर विश्वास में लेकर शादी तय करने के नाम पर मोटी रकम वसूल करते थे। इसके बाद मौके का फायदा उठाकर शादी से मुकर जाते और फरार हो जाते थे।









