दो चोरी : नाबालिग सहित दो गिरफ्तार

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित उद्योगपुरी और कृषि उपज मंडी में हुई चोरी की अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग सहित दो आरोपियों को पकड़ा है। इनमें से एक को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
चिमनगंज मंडी पुलिस ने बताया कि 26 मार्च को फरियादी अमित जैन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि उद्योगपुरी क्षेत्र स्थित उसके प्रतिष्ठान में अज्ञात बदमाशों ने चोरी की। इसी तरह 29 अप्रैल को कृषि उपज मंडी क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के संबंध में फरियादी दीपक सोनी निवासी पाश्र्वनाथ सिटी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों ही मामलों में घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद आरोपी की पहचान साहिल उर्फ भेरिया के रूप में हुई।
जिसके बाद उसे और उसके नाबालिग साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया। इनकी निशानदेही पर चोरी किया लगभग 40 किलो तांबे का स्क्रैप, 2 डीवीआर और १ हजार रुपए नकद जब्त किए गए। जिसकी अनुमानित कुल कीमत 90 हजार रुपए है। आरोपी साहिल उर्फ भेरिया को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया है।









