शाही मस्जिद मसला : तीन फीट नहीं मास्टर प्लान मुताबिक दुकान-मीनार टूटेंगी

मौजूदा मीनार पीछे हट कर नई बनेगी, दोनों काम साथ-साथ चलेंगे
चौड़ीकरण : उपद्रव करने वालों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी, पुलिस के बड़े और जानकार अफसरों ने उज्जैन में डाला डेरा
शहरकाजी के साथ कौम के सारे प्रमुखों ने दी थी प्रशासनिक बैठक में निर्माण को लेकर अपनी-अपनी सहमति
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। कंठाल चौराहा-छत्रीचौक मार्ग चौड़ीकरण के दायरे में आ रही शाही मस्जिद की मीनारें टूटने का काम बुधवार से शुरू हो गया। इसे हाथों से ही सावधानी से हटाया जा रहा है। मस्जिद के कितना हिस्सा टूटेगा, इसे लेकर अब स्थिति करीब-करीब साफ हो गई है।
दरअसल मास्टर प्लान के मुताबिक मस्जिद की दुकानें पूरी टूटेंगी। मौजूदा मीनारें टूटेंगी और फिर पीछे हटकर नई बनेंगी। प्रशासन और समुदाय प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में समन्वय बनाने वाली टीम में अकेले शहर काजी शामिल नहीं थे, उनके साथ शूरा कमेटी (सीनियर इमामों की कमेटी), नुमांइदा कमेटी(नौजवानों की समिति), मस्जिद कमेटी और एक पार्षद और पांच पार्षद पति भी थे। सिंहस्थ मेला कार्यालय में करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में कुछ मसलों पर कई बार असहमति बनी और फिर बीच का रास्ता निकाला गया। फिलहाल शाही मस्जिद की मीनारों के टूटने का काम बुधवार से शुरू हो गया।
मस्जिद के 500 मीटर के दायरे को छावनी बनाकर रखा गया है। इन इलाकों में लगे स्मार्टसिटी और प्रशासन के कैमरे बंद कर दिए गए हैं, ताकि किसी तरह के शॉट बाहर नहीं जा सके। इधर, उपद्रव करने वालों की गिरफ्तारी और जेल भेजने का सिलसिला भी जारी है। वरिष्ठों के साथ उज्जैन में तैनात रहे अफसरों को भी शहर बुलाया गया है। यह संबंधित इलाकों में मोर्चा संभाले हुए हैं। उम्मीद की जा रही है कि तीन से चार दिन में तुड़ाई का काम पूरा हो जाएगा।
दरअसल, शाही मस्जिद की जमीन को लेकर सोशल मीडिया से लेकर आम आदमी के बीच तरह-तरह की चर्चा है। कुछ कह रहे हैं कि 11फीट का नोटिस देने के बजाय 3 फीट जगह ली जा रही है। इसका जवाब तलाशने के लिए अक्षरविश्व ने रविवार-सोमवार की रात प्रशासन के साथ समन्वय करने वालों और प्रशासनिक अफसरों से बात की। कुछ ने नाम ना छापने का हवाला दिया तो कुछ ने खुलकर बात की।
किसने क्या कहा
परदे के पीछे प्रदेश वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सक्रिय
इस पूरे मसले में भाजपा ने मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल को आगे रखा है। वह सरकार और प्रशासन के लिए ट्रबल शूटर की भूमिका में हैं। प्रशासन और समाज के बीच वह बड़ा रोल अदा कर रहे हैं। हालांकि अपनी भूमिका को लेकर वह सीधे तौर पर कुछ भी नहीं कहना चाहते। बस वह कहते हैं कि शहर में आपसी सामंजस्य और समन्वय से काम होना चाहिए। शहर में शांति और अमन बनी रहना चाहिए।
प्रशासन के साथ हुई मीटिंग में शामिल था। उसमें कई बिंदुओं पर बात हुई। दुकानें पूरी तरह हटाने, मीनार पीछे करने, टीडीआर-मुआवजे, मशीनों के प्रयोग नहीं करने पर सहमति थी। मीनार निर्माण की राशि का ऑफर मना कर दिया था।
इमरान खान, पार्षद वार्ड नंबर 13
कौम के सारे नुमाइंदे शामिल थे। कई मुद्दों पर सहमति बनी। दुकानें हटाने, मीनार पीछे करने, टीडीआर, मुआवजे पर चर्चा हुई थी। नई मीनार की राशि लेने से मना किया था।
फिरोज खान, पार्षद पति
शाही मस्जिद के 500 मीटर के सीसीटीवी कैमरे बंद
शाही मस्जिद के बाहर मचान बनाने का काम मंगलवार रात पूरा हो गया। इसी के साथ निर्माण हटाने का काम भी तेज हो गया। बाहरी मीडिया से फैल रही भ्रांतियों के बाद पूरे क्षेत्र में मीडिया का प्रवेश बैन कर दिया गया है। हालात यह है कि इन इलाकों में लगे सरकारी सीसीटीवी कैमरों को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है। ताकि किसी तरह के फुटेज-फोटो जारी नहीं हो सके। मस्जिद के आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों, राजस्व अफसरों और निगमकर्मियों को भी मोबाइल का प्रयोग करने की इजाजत नहीं है।
क्या हुआ उस रात
रविवार-सोमवार की रात शाही मस्जिद बचाने के समर्थन में बड़ी संख्या में युवा,बुजुर्ग एकत्र थे। इनकी संख्या १० हजार से ज्यादा थी। ऐसे में प्रशासनिक अफसरों ने समाज के प्रमुखजनों से कई दौर की बात की। फाइनल बात रात १ से २ बजे के बीच हुई।
क्या तय हुआ
रोड चौड़ीकरण में आ रही मस्जिद की सारी दुकानें हटाई जाएंगी।
मस्जिद की दीवार तक रोड बनेगी।
चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे मस्जिद के मीनारे (मीनार) हटाए जाएंगे।
इन मीनारों को हटाने और पीछे हटाकर नए मीनारों को बनाने का काम एक साथ किया जाएगा।
मशीनों का प्रयोग नहीं होगा।
मस्जिद कमेटी खुद निर्माण हटाने और नया निर्माण करने का काम करेगी।
दुकानों के टूटने पर टीडीआर मस्जिद कमेटी को दिया जाएगा। इसका प्रयोग वे दुकानदारों के साथ मिलकर करेगी।
नई मीनार बनाने के लिए 5 लाख रुपए देने का प्रस्ताव दिया गया था लेकिन शहरी काजी, शूरा कमेटी और नुमांइदा कमेटी ने इस अनुरोध को यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि मस्जिद निर्माण में सरकारी धन का उपयोग नहीं किया जाता। जकात की राशि से हम निर्माण करवा लेंगे।
मीटिंग में शहर काजी खलीर्कुरहमान, जामा मस्जिद के इमाम मौलाना नासिर, हाफिज अयूब, पप्पू बाबा, फहीम सिंकदर, पार्षद इमरान खान (वार्ड 13), पार्षद पति फिरोज खान ( नजमा खान ), सादिक कुरैशी (नाजिया कुरैशी), मुजीब सुपारी वाले (शाहीन खान), अनवर नागौरी (रुखसाना नागौरी) और जाहिद पहलवान ( हाजरा बी) भी शामिल थे।
पथराव करने वाले 9 आरोपी और गिरफ्तार, जेल जाएंगे
उज्जैन। सड़क चौड़ीकरण में शाही मस्जिद का निर्माण हटाते समय बवाल करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। महाकाल, खाराकुआं, कोतवाली थानों में दर्ज केस के आरोपियों की गिरफ्तारी हो रही है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह खाराकुआं पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें मेडिकल करने के लिए जिला अस्पताल लाई। अब इन्हें कोट पेश किया जाएगा। उम्मीद है कि सभी जेल भेजे जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि सोमवार को शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने के दौरान टंकी चौराहा पर बैरिकेडिंग हटाकर विरोध प्रदर्शन और पुलिस के रोकने पर पत्थरबाजी कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले समीर पिता मुबारिक निवासी मक्सीरोड, इशान पिता मुबारिक निवासी मिल्कीपुरा, तैयब मंसूरी पिता मोहम्मद गनी निवासी अहमद नगर, शेख अल्फेज पिता शेख आसीम निवासी गरीब नवाज कॉलोनी, आशिक पिता अब्दुल कलीम निवासी मुसद्दी पुरा, साहिल पिता अब्दुल रशीद निवासी जयसिंहपुरा, साबिर शेख पिता अकरम शेख निवासी गणेश कॉलोनी जयसिंहपुरा, कासिम शेख पिता रिजवान निवासी बेगमबाग को गिरफ्तार किया गया। इनका मेडिकल कराया है और कोर्ट भेजा है।
अब तक 25 पकड़ाए
पुलिस के अनुसार महाकाल थाना क्षेत्र के बेगमबाग, हरिफाटक ब्रिज, खाराकुआं थाना क्षेत्र के टंकी चौराहा, अंडागली, कोतवाली थाना क्षेत्र के मिर्जा नईमबेग मार्ग, तेलीवाड़ा चौराहा पर उपद्रवियों ने प्रदर्शन, पत्थरबाजी, नारेबाजी की थी। अलग-अलग थानों में 7 केस दर्ज हुए जिनमें 30 से अधिक आरोपी बनाए गए हैं। मंगलवार तक पुलिस 15 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। बीती रात 9 अन्य आरोपी पकड़ाए। अब तक 25 आरोपी पुलिस गिरफ्त में आ चुके हैं व शेष की तलाश जारी है।
सीनियर्स ने संभाली कमान
शहर में कानून व्यवस्था मुकम्मल करने डीजीपी ईओडब्ल्यू और सिंहस्थ प्रभारी उपेंद्र जैन, उज्जैन में पदस्थ रहे एएसपी रूपेश द्विवेदी, एएसपी बाकरवाल सहित अन्य पुलिस अफसर दो दिन से शहर में हैं। जैन ने शाही मस्जिद क्षेत्र का मुआयना भी किया और हालत देखें। वे लगातार निगाह रखे हुए हैं और जरूरी निर्देश दे रहे हैं।









