प्रचंड गर्मी… रात के तापमान में 3 डिग्री का उछाल

वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव, कल से बादलों के रूप में नजर आएगा असर

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। अप्रैल की शुरुआत से पहले ही गर्मी के तेवर फिर होने लगे हैं। इससे बचने के लिए शहरवासी भी कई तरह के जतन कर रहे हैं। कोई चेहरे पर कपड़ा बांधकर घूम रहा है तो कोई शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। गर्मी के तल्ख तेवर का असर तापमान पर भी नजर आया है। शनिवार को अधिकतम तापमान जहां ३६.५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं रात के तापमान में तीन डिग्री का जबर्दस्त उछाल आया जिसके चलते रविवार को न्यूनतम तापमान २२ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. आरपी गुप्त ने बताया कि शनिवार शाम से वेस्टर्न डिस्टरबेंस सिस्टम एक्टिवेट हो गया है जिसका असर सोमवार से मौसम में नजर आएगा। इस दौरान बारिश की संभावना तो नहीं है लेकिन बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है जिससे गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है।
बारिश का दौर लगातार चल रहा
पिछले साल जून से बारिश का दौर जारी रहा। मानसून सीजन बीतने के बाद भी अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर, जनवरी, फरवरी और अब मार्च में भी पानी बरस गया। दरअसल, एक बार जब सिस्टम बनना शुरू होते हैं तो उनका बनने का क्रम एकदम से खत्म नहीं होता।
शिप्रा में तैराकी, 2 माह चलेगा कैंप
गर्मी शुरू हो चुकी है। धीरे-धीरे यह अब बढऩा शुरू होगी। समर सीजन में हर साल दत्तअखाड़ा घाट पर मां शिप्रा तैराक दल तैराकी शिविर आयोजित करता है। जिसकी शुरुआत रविवार सुबह ९ बजे मां शिप्रा के पूजन के साथ हुई। पहले ही दिन कई बच्चे स्वीमिंग कॉस्टयूम में प्रशिक्षण लेने पहुंचे। पहले दिन बच्चों को तैराक दल के सचिव संतोष सोलंकी, प्रशिक्षक सपना माली, तेजा कहार, कमल कहार, रूपसिंह कहार, गोताखोर रूपसिंह कहार, नीतू साहू ने तैराकी की बारीकियों से अवगत करवाते हुए ट्रेनिंग दी। आगामी सिंहस्थ के लिए भी गोताखोरी का प्रशिक्षण शिविर में दिया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर अतिथि ललित सक्सेना एवं पंकज जायसवाल थे। अध्यक्षता पं. हिमांशु व्यास ने की।









