साइकिल चला रही छात्रा से छेड़छाड़

पिता ने पीछा किया तो की मारपीट, पुलिस ने गैरेज मैकेनिक को दबोचा

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां घर के बाहर साइकिल चला रही एक नाबालिग छात्रा का बाइक सवार युवक ने न सिर्फ रास्ता रोका, बल्कि उसका हाथ पकड़कर बदसलूकी भी की। जब छात्रा के पिता ने आरोपी को पकडऩे की कोशिश की, तो नशे में धुत आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग छात्रा शाम को अपने घर के बाहर साइकिल चला रही थी। तभी बाइक पर आए जीतू नामक युवक ने उस पर फब्तियां कसीं और साथ चलने का इशारा किया। छात्रा के रुकने पर आरोपी उसके करीब आया और जबरन उसका हाथ पकड़ लिया। डरी हुई छात्रा किसी तरह हाथ छुड़ाकर घर भागी और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी प्रजापत नगर की ओर भागता नजर आया।
छात्रा के पिता और पड़ोसियों ने जब आरोपी का पीछा किया, तो वह एक दुकान के पास खड़ा मिला। उसे पकडऩे की कोशिश की गई तो उसने छात्रा के पिता के साथ जमकर मारपीट की। खुद को घिरता देख आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर द्वारकापुरी पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी जीतू को गिरफ्तार कर लिया।
नशे में की करतूत
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जीतू एक गैरेज में काम करता है और घटना के समय वह बुरी तरह शराब के नशे में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।









