Advertisement

पटाखा कारोबार में धमाका: 31 लाख का माल लेकर 16 लाख डकार गया व्यापारी… केस दर्ज

आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाकर लगाया चूना… पुलिस खंगाल रही दस्तावेज

 

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक पटाखा कारोबारी के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। व्यापारिक संबंधों और पुराने भरोसे की आड़ में एक व्यापारी ने थोक विक्रेता से करीब 31 लाख रुपए के पटाखे खरीदे, लेकिन आधी रकम डकार गया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और अब इस मामले में आरोपी के बेटे की भूमिका की भी सघन जांच की जा रही है।

राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, रीजनल पार्क क्षेत्र निवासी सुरेश फेरवानी, जो ‘रवि फायर वक्र्स’ के नाम से पटाखों का थोक व्यापार करते हैं, ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़त ने बताया कि गड्ढा पुलिया निवासी अविनाश जैन पिछले तीन-चार वर्षों से उनसे माल खरीद रहा था। इसी पुराने परिचय और भरोसे के चलते सितंबर-अक्टूबर 2025 के बीच दोनों के बीच करीब 31 लाख 58 हजार रुपए का कारोबार हुआ था।

Advertisement

शिकायत के मुताबिक, अविनाश जैन ने अहिल्या मार्केट में दुकान लगाने के लिए भारी मात्रा में पटाखे उधार लिए थे और 16 लाख रुपए बाद में देने की लिखित बात कही थी। हालांकि, सीजन बीत जाने के बाद जब सुरेश फेरवानी ने अपनी बकाया राशि मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने बाद में पूरी तरह भुगतान करने से मना कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। लगातार चक्कर काटने के बाद पीडि़त ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की शरण ली। जांच अधिकारी एसआई राजेश सोहनी ने लेनदेन से जुड़े बिलों और अन्य दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अविनाश जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

बेटे पर भी संदेह की सुई

Advertisement

पुलिस इस मामले में एक और महत्वपूर्ण कड़ी की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूरे लेनदेन और व्यापारिक गतिविधि में आरोपी का बेटा भी सक्रिय रूप से शामिल था। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या धोखाधड़ी की इस साजिश में उसकी भी बराबर की मिलीभगत थी। राजेंद्र नगर पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें