पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से होगा आगाज, एमपी की क्रांति गौड़ भारतीय महिला टी-20 टीम में शामिल

भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की होनहार क्रिकेटर क्रांति गौड़ ने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय महिला टी-20 टीम में जगह बनाकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। आगामी इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टीम में उनका चयन हुआ है, जहां वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून 2026 से होगी।

क्रांति का यह चयन उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण का नतीजा है। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने जिस तरह से रन बनाए और मैच जिताऊ पारियां खेलीं, उससे चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया। यही वजह रही कि उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका मिला।
इंग्लैंड में होने वाले इस महिला टी-20 टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। यह मैच न सिर्फ टूर्नामेंट की शुरुआत के लिहाज से अहम होगा, बल्कि युवा खिलाडिय़ों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच भी रहेगा।
क्रांति गौड़ पिछले कुछ समय से मध्यप्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी बल्लेबाजी में परिपक्वता और मैदान पर अनुशासन उन्हें बाकी खिलाडिय़ों से अलग पहचान दिलाता है। क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि वे आने वाले समय में टीम इंडिया की अहम खिलाड़ी बन सकती हैं।
राज्य के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने क्रांति गौड़ को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने इसे राज्य सरकार द्वारा विकसित की जा रही खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम बताया।
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में खेल सुविधाओं का विस्तार हुआ है। आधुनिक प्रशिक्षण, कोचिंग और संसाधनों की उपलब्धता ने खिलाडिय़ों को आगे बढऩे का अवसर दिया है। क्रांति गौड़ का चयन इसी मजबूत खेल व्यवस्था का उदाहरण माना जा रहा है।







