मध्यप्रदेश में सोलर पैनल लगवाना हुआ सस्ता

अब बिना रजिस्ट्रेशन और इंस्टालेशन फीस के लगेगा सोलर पैनल

भोपाल। मप्र में अब पीएम-सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाना और भी सस्ता और आसान हो गया है। राज्य सरकार ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग, मीटर जांच और इंस्टालेशन जैसे सभी शुल्कों को पूरी तरह खत्म कर दिया है। इसके साथ ही कागजी लिखा-पढ़ी के झंझट को दूर करने के लिए अब फिजिकल एग्रीमेंट की जगह डिजिटल एग्रीमेंट की व्यवस्था शुरू की जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक तेज और पारदर्शी हो जाएगी।
आयोग ने भारत सरकार की इस योजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी पुराने शुल्कों को हटाने और कागजी एग्रीमेंट की जगह डिजिटल एग्रीमेंट को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से आम लोगों और वेंडर दोनों को फायदा होगा, क्योंकि अब सोलर पैनल लगवाने का खर्च कम हो जाएगा और काम भी काफी तेजी से होगा। इस योजना के तहत मध्य प्रदेश में मार्च 2027 तक लगभग 5 लाख परिवारों को मुफ्त बिजली और सोलर पैनल का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत फरवरी 2024 में हुई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य देश के एक करोड़ घरों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देना है।







