15 फीट गहरे पानी में पटियों के बीच दो घंटे फंसी रही गर्दन, मौत

जलझूलनी ग्यारस की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा
राजगढ़। खिलचीपुर में जलझूलनी ग्यारस की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गाडग़ंगा नदी में पुल के नीचे पटिया लगाते वक्त पानी के अंदर पटियों के बीच युवक की गर्दन फंस गई। करीब 15 फीट गहरे पानी में करीब 2 घंटे फंसे रहने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बीरम मोगिया (28) के रूप में की गई है। बीरम खिलचीपुर के वार्ड-6 स्थित थावरिया बाजार का रहने वाला था। वह मजदूरी करता था। बिना सुरक्षा किट के पटिया लगाने नदी में उतारा था।
मृतक के बड़े भाई लक्ष्मीनारायण उर्फ पीरू मोगिया ने बताया- बीरम सुबह करीब 8 बजे घर से निकला था। हादसे की सूचना पर एसडीओपी, एसडीएम, टीआई, नायब तहसीलदार सहित पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शुरुआत में रस्सी और बांस की मदद से बीरम को निकालने की कोशिश की गई। तलाश के दौरान बीरम की गर्दन दो पटियों के बीच फंसी मिली। मुकेश मोगिया ने बीरम के पैर में रस्सी बांधी, लेकिन इसके बावजूद उसका शरीर बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद जेसीबी से पटिए तोड़कर हटाए गए।









