वेतन नहीं, 13 कचरा वाहन चालकों ने रोका काम

अगस्त का वेतन अब तक नहीं मिला, शहर में जगह-जगह लगे कचरे के ढेर, सफाई व्यवस्था हुई प्रभावित
अक्षरविश्व न्यूज शाजापुर। अगस्त माह का वेतन नहीं मिलने से नाराज 13 कचरा वाहन चालकों ने सोमवार को काम बंद कर दिया। वाहन चालकों के कचरा वाहन नहीं चलाने से शहर की सफाई व्यवस्था ठप हो गई। कई वार्डों में घरों से कचरा नहीं उठ सका, जिसके चलते सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर लग गए। अचानक सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगरपालिका ने शहर में संचालित 13 कचरा वाहनों के संचालन की जिम्मेदारी उज्जैन की यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दी है। वाहन चालकों का कहना है कि अगस्त का पूरा महीना बीत चुका है और सितंबर के भी 21 दिन निकल गए, लेकिन उन्हें अभी तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया। चालकों के अनुसार उन्हें हर महीने 7 हजार रुपए वेतन दिया जाता है। उनका कहना है कि शुरुआत में करीब तीन घंटे काम लिया जाता था, लेकिन अब चार से पांच घंटे तक वाहन चलवाए जा रहे हैं। वाहन चालकों ने आरोप लगाया कि कुछ कचरा वाहन खराब हालत में हैं। इसके बावजूद उन्हें इन वाहनों को चलाकर कचरा उठाने का काम करना पड़ता है। वे लंबे समय से वेतन में होने वाली देरी से परेशान हैं। हर महीने वेतन मिलने में देरी होने के कारण उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं निकला समाधान
चालकों ने बताया कि वेतन को लेकर नगरपालिका के सीएमओ, अध्यक्ष और निजी कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। चालकों की मांग है कि हर महीने 1 से 5 तारीख के बीच वेतन का भुगतान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। वेतन की मांग करने पर निजी कंपनी के अधिकारी उन्हें काम से हटाने की धमकी देते हैं। इसी वजह से सोमवार को सभी 13 चालकों ने वाहन नहीं चलाए। जब तक वेतन भुगतान की व्यवस्था नियमित नहीं होती, तब तक काम को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहेगी।
पहले ही दिन असर
13 कचरा वाहन चालकों के काम बंद करने का असर सोमवार को ही शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखाई दिया। कई इलाकों में घरों से कचरा उठाने वाले वाहन नहीं पहुंचे। इसके चलते लोगों ने कचरा बाहर ही डाल दिया, जिससे विभिन्न स्थानों पर कचरे के ढेर नजर आए। यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में सफाई व्यवस्था और प्रभावित होने की आशंका है।









