Popup Image

68 वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह की षष्ठम सांस्कृतिक संध्या

कथक की चपलता, भरतनाट्यम की गरिमा व ओडिसी ने मन मोहा

Advertisement

डॉ. जफर महमूद उज्जैन। कालिदास समारोह की षष्ठम सांस्कृतिक संध्या भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी को समर्पित रही। तीनों शैलियों के कलाकारों ने भावपूर्ण मुद्राओं, लयकारी, पद संचालन और आकर्षक भंगिमाओं से संस्कृति के रंग बिखेरे। इस त्रिवेणी ने दर्शकों को रसविभोर कर दिया।

शुभारंभ शिव अनादि नृत्य कला संस्थान, इंदौर की कथक प्रस्तुति से हुआ। डॉ. प्रियंका वेद और श्रीमती रंजना ठाकुर के निर्देशन में 12 नृत्यांगनाओं ने पारंपरिक शैली, पद संचालन और भावाभिनय का प्रभावशाली परिचय दिया। गणेश वंदना, तिरवट और शिव स्तुति से नृत्य की लयात्मकता तथा आध्यात्मिक भावों को श्रीकृष्ण लीला के विविध प्रसंगों में पिरोया। देवकी-वासुदेव विवाह, कंस द्वारा संतानों का वध, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, पूतना वध, कालिया मर्दन व गोवर्धन लीला के साथ प्रस्तुति चरमोत्कर्ष पर पहुंची। मनस्वी आप्टे, मोनिका देसाई, हिताक्षी सरोदे, हर्षा खरे, आंचल सोनोने, दिशा कश्यप, कंगना कुशवाह, अनन्या देशपांडे, मृगाक्षी कोचे, जसिका बरवा, धर्मिता विश्वकर्मा और चाहती कुशवाह ने नृत्य कौशल से सजीव दृश्य उपस्थित किए।

Advertisement

दूसरी प्रस्तुति में वर्धा कला संस्थान, इंदौर की श्रीमती श्रुति राजीव शर्मा के निर्देशन में प्रिया मिश्रा, अमृता वाडवेकर, अनाया मिश्रा और अक्षिका किशोर ने गणेश वंदना से भरतनाट्यम की प्रस्तुति आरंभ की। देवी वर्णनम् और सरस्वती कौतुवम से देवी आराधना को अभिव्यक्ति दी। भरतनाट्यम की विशिष्ट हस्त मुद्राओं, पद संचालन, अंग संचालन और भावाभिनय से नृत्य शैली की शास्त्रीय गरिमा और सौंदर्य को साकार किया।

तीसरी प्रस्तुति में छंदक कला अकादमी, इंदौर की वैभवी लांडगे के निर्देशन में नृत्यांगनाओं ने ओडिसी में मंगलाचरण से शुभारंभ किया। अदिति जाधव, आरिका सिंह, अलंकारिकता मिश्रा, अदरिका रावत, आशिका जैन, समृद्धि जाटव, त्यारा जैन, हृदयांशी गुप्ता एवं याहवी खण्डेलवाल ने स्थायी बट्टा में ओडिसी की विशिष्ट मूर्तिमय भंगिमाओं, हस्त मुद्राओं और लयबद्ध गतियों का आकर्षक प्रदर्शन किया। तीनों प्रस्तुतियों में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की परंपराओं, भावाभिव्यक्ति और सौंदर्यबोध का अद्भुत समन्वय दिखा। कथक की चपलता और लयकारी, भरतनाट्यम की अनुशासनबद्ध मुद्राएं और ओडिसी की मूर्तिमय लास्यात्मकता ने भारतीय नृत्य परंपरा की समृद्धि को रेखांकित किया।

Advertisement

कला, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत के इस सुंदर संगम ने षष्ठम सांस्कृतिक संध्या को स्मरणीय बना दिया।
आराधना को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत कर कलाकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। तीनों प्रस्तुतियों में भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध परंपराओं, भावाभिव्यक्ति और सौंदर्यबोध का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। कथक की चपलता और लयकारी, भरतनाट्यम की अनुशासनबद्ध मुद्राएं तथा ओडिसी की मूर्तिमय लास्यात्मकता ने भारतीय नृत्य परंपरा की समृद्धि को रेखांकित किया। कला, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत के इस सुंदर संगम ने कालिदास समारोह की षष्ठम सांस्कृतिक संध्या को स्मरणीय बना दिया।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें