उज्जैन के खाते में दो सराहनीय सेवा पदक

उज्जैन।गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति वीरता पदक के साथ ही राष्ट्रपति विशिष्ट और सराहनीय सेवा पदक की घोषणा हो गई। देश के सभी राज्यों के पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों के साथ ही केंद्रीय अद्र्ध सैनिक बलों के बहादुर और सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को यह पदक दिए जाते हैं। इस बार उज्जैन के खाते में दो सराहनीय सेवा पदक आए हैं।
बता दें कि हर साल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर बहादुर पुलिस अधिकारी, कर्मचारी व अपनी सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को विशिष्ट और सराहनीय सेवा पदक दिया जाता है।
मध्यप्रदेश पुलिस के 25 अधिकारी-कर्मचारियों को केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति के वीरता, विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक पुरस्कार के लिए चुना है। 15 अगस्त को अलंकरण समारोह में इन्हें पदक सौंपे जाएंगे। सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए जोनल पुलिस अधीक्षक उज्जैन सुनील कुमार मेहता, सहायक उप निरीक्षक कोतवाली उज्जैन चंद्रभान सिंह चौहान को चुना गया है।
23 बंदियों को मिली जेल से आजादी
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में जेल प्रशासन द्वारा आजादी का अमृत माहेत्सव के अंतर्गत 2 और अच्छे आचरण के चलते 21 बंदियों को केन्द्रीय जेल भेरवगढ़ से आजादी दी गई।
जानकारी के मुताबिक प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी केन्द्रीय जेल भैरवगढ़ में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कुल 23 बंदियों को रिहा किया गया है। इनमें 2 बंदी आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत व 21 बंदियों को जेल में अच्छे आचरण, अनुशासन के कारण रिहा किया गया है। सुबह भैरवगढ़ जेल में ध्वजा रोहण के बाद बंदियों में मिठाई वितरण किया गया।









