स्वीमिंग पूल के बीच वरमाला, सीएम ने किया डांस

By AV News 1

डॉ. यादव के बेटे का पुष्कर के वेडिंग डेस्टिनेशन में हुआ विवाह,

फिल्मी तर्ज पर डेजर्ट बाइक से दूल्हा दुल्हन की हुई एंट्री

अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे वैभव यादव की शादी शनिवार को शालिनी के साथ राजस्थान में अजमेर जिले के पुष्कर में हुई। स्वीमिंग पूल पर बने मंच पर वरमाला हुई और इसके पहले दूल्हा-दुल्हन की एंट्री फिल्मी तर्ज पर डेजर्ट बाइक से हुई। खुद सीएम डॉ. यादव ने भी डांस किया। पुष्करा, रिसोर्ट में यह शादी सुरक्षा के कड़े इंतजाम में हुई। पूरे रिसोर्ट को राजस्थानी थीम पर सजाया गया था। वरमाला के लिए स्वीमिंग पूल के बीच खास मंच बनाया गया था। फेरे के बाद सीएम डॉ. यादव और उनकी पत्नी सीमा ने बहू-बेटे को आशीर्वाद दिया।

विवाह समारोह में सीएम यादव ने अन्य बारातियों के साथ डांस भी किया। राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा भी खास तौर से समारोह में शनिवार को शरीक हुए। इससे पहले सुबह यादव ने अपने स्वजनों के साथ ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर पुष्कर सरोवर में पूजा-अर्चना की। मीडिया से सीएम ने कहा मैं महाकाल की नगरी उज्जैन से हूं। ब्रह्मा की नगरी में पुत्र की शादी के लिए आया हूं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की रीति-नीति है कि निजी कार्यक्रम को निजी ही बनाए रखा जाए। इस बात का संतोष है कि विवाह समारोह सुख, सुकून एवं शांति से हो गया।

डेजर्ट बाइक से दूल्हा दुल्हन की एंट्री…

दूल्हा दुल्हन की एंट्री फिल्मी तर्ज पर डेजर्ट बाइक से हुई थी। सीएम यादव, उनकी पत्नी, बड़े पुत्र वैभव, छोटे पुत्र अभिमन्यु व पुत्री आकांक्षा सहित सभी स्वजन शुक्रवार को पुष्कर स्थित पुष्करा रिसोर्ट में पहुंचे थे। शुक्रवार को मेंहदी और हल्दी की रस्म के साथ ही सगाई हुई थी। विवाह समारोह में वर और वधू पक्ष के रिश्तेदारों के अतिरिक्त चुनिंदा मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया था। वैभव का विवाह मध्यप्रदेश में ही हरदा के रोलगांव निवासी सतीश यादव की पुत्री शालिनी के साथ हुआ है। समारोह में उज्जैन से विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर भाजपा अध्यक्ष विवेक जोशी, महामंत्री संजय अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

Share This Article