बेसमेंट में कोचिंग क्लास और दुकानों का संचालन

कलेक्टर के निर्देश पर बेसमेंट में संचालित कोचिंग क्लासेस और संस्थाओं की एसडीएम ने की जांच
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एक्शन : सुबह बैठक में निर्देश, दोपहर को जांच के बाद हिदायत
अक्षरविश्व न्यूज.उज्जैन। दिल्ली में बेसमेंट में संचालित कोचिंग में बारिश का पानी भरने से हुए हादसे के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री ने राज्यभर में बेसमेंट की पड़ताल कर कार्रवाई के आदेश और मंगलवार सुबह कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने दोपहर को फ्रीगंज क्षेत्र में विभिन्न भवनों के बेसमेंट की जांच की। बेसमेंट में कोचिंग क्लास और दुकानों का संचालन पाया गया। कोचिंग क्लास और दुकान संचालकों को सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करने की हिदायत दी गई।
बेसमेंट के उपयोग के संबंध में जिला प्रशासन सख्ती के मूड में रहा। मंगलवार को उज्जैन कलेक्टर ने जिले में ऐसी कोचिंग और धर्मशाला के जांच के आदेश दिए हैं, जो बेसमेंट में संचालित हो रही हों, उन्हें तत्काल बंद करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं। उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन में आयोजित सम सामयिक विषयों की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में सभी संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि बेसमेंट में संचालित हो रहे कोचिंग, धर्मशालाओं आदि संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मापदंडों का मुआयना करें। आवश्यकता दिखाई देने पर बेसमेंट में संचालित इन संस्थाओं को बंद भी कराने के निर्देश दिए हैं।
बाढ़ कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहे
बता दें कि मंगलवार सुबह कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के साथ विभिन्न कार्य, योजना और गतिविधियों को लेकर समीक्षा के बाद चर्चा की। इसमें निर्देश दिए गए थे कि बेसमेंट में संचालित हो रहे कोचिंग, धर्मशालाओं आदि संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा मापदंडों का मुआयना करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाढ़ आपदा नियंत्रण के दृष्टिगत राजस्व, जनपद, निकाय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी सजग एवं सतर्क रहे। घाटों पर शिप्रा नदी के जल स्तर की सतत निगरानी क ी जाएं और प्रत्येक घंटे जल स्तर की रिपोर्ट दी जाएं। बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम 24 घंटे क्रियाशील रहें।
प्रकरण निराकरण में गति लाने के निर्देश
कलेक्टर ने बैठक में राजस्व महाअभियान 2.0 की प्रगति की भी तहसीलवार समीक्षा कर अभियान अंतर्गत राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सप्ताह के अंतिम दिनों में पटवारियों को तहसील मुख्यालय पर बैठाकर नक्शा तरमीम सहित अन्य प्रकरणों का निराकरण कराएं। कलेक्टर ने ईकेवाईसी और आरसीएमएस के प्रकरणों के भी त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
क्लासेस बंद या शिफ्ट करने के निर्देश
कलेक्टर नीरज कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम उज्जैन (उत्तर) एलएन गर्ग द्वारा उपायुक्त नगर निगम कृतिका भीमावद तथा नगर निगम के अमले के साथ सघन जांच की गई। इसमें फ्रीगंज स्थित समर्पण कोचिंग क्लास के निरीक्षण के दौरान वर्षा के दौरान बेसमेंट में पानी भराने एवं सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध नहीं पाए जाने पर कोचिंग क्लास के संचालक को क्लासेस बंद करने या संस्था को अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
एसडीएम द्वारा फ्रीगंज स्थित बेसमेंट में संचालित विभिन्न दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। दुकान संचालकों को सख्त हिदायत दी गई कि सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित कराएं। साथ ही नगर निगम के अमले को सुरक्षा मापदंडों के अनुरूप ही बेसमेंट में दुकान संचालित करने की अनुमति देने के निर्देश दिए गए। एसडीएम गर्ग ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार बेसमेंट में संचालित दुकानों के निरीक्षण किया जा रहा है। कमियां पाए जाने पर ऐसी संस्थाओं को चिन्हित कर बंद करने सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।









