महाकाल लोक के पास वृद्ध को कार से उतारकर पीटा

उज्जैन। महाकाल मंदिर के आसपास गुंडे बदमाशों का आतंक जारी है। बदमाशों द्वारा आए दिन लोगों से मारपीट, हफ्तावसूली जैसी वारदातें की जाती है। शनिवार शाम रतलाम के वृद्ध को कार से उतारकर बदमाशों ने पीटा। महाकाल थाना पुलिस ने तीन बदमाशों पर केस दर्ज किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस ने बताया कि सुभाष मार्ग रतलाम में रहने वाले 70 वर्षीय गिरीश पिता श्यामसुंदर अग्रवाल अपने भाई नरेन्द्र अग्रवाल के साथ कार में हरसिद्धी माता मंदिर के सामने से हरिफाटक जाने के लिए महाकाल लोक के सामने से जा रहे थे। महाकाल लोक के सामने जाम लगा था। इसी बीच एक्टिवा से दो युवक आए।
गिरीश अग्रवाल को कार से उतारा और 2 हजार रुपए मांगे। रुपए देने से इंकार किया तो बदमाशों ने सोने की चैन मांगी। हाथापाई के दौरान उनकी सोने की चैन गिर गई। उन्होंने महाकाल थाने पहुंचकर अमन, विशाल निवासी जयसिंहपुरा और एक अन्य बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह भाईदूज मनाने रतलाम से उज्जैन आए थे।









