हॉरर फिल्म शूटिंग का अच्छा मौका है यहां…!

कोठी पैलेस बनेगा वीर भारत संग्रहालय, लेकिन धीमी गति से बढ़ रही योजना

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। किसी जमाने में सिंधिया रियासतकाल का आकर्षण रहा उज्जैन का कोठी पैलेस अब दुनिया का सबसे अनूठा वीर भारत संग्रहालय बनने जा रहा है, लेकिन अभी यह किसी भूतहा महल से कम नहीं है। किसी हॉरर फिल्म की शूटिंग करने का अच्छा मौका है।
कोठी पैलेस को वीर भारत संग्रहालय बनाने की योजना को राज्य सरकार की हरी झंडी मिल गई है, लेकिन योजना का काम धीमी गति से चलने के कारण कोठी पैलेस भूतहा महल में तब्दील हो गया है। स्मार्ट सिटी द्वारा इसका जीर्णोद्धार कराकर महल को वीर भारत संग्रहालय बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने 80 करोड़ रुपए का पहला बजट मंजूर किया है। स्मार्ट सिटी द्वारा इसका ठेका देने की तैयारी की जा रही है। हालांकि प्रशासन ने इसका कब्जा स्मार्ट सिटी को सौंप दिया है, लेकिन ठेकेदार द्वारा जीर्णोद्धार के इंतजार में कोठी पैलेस का रखरखाव नहीं हो पा रहा। इससे खिड़कियों और दरवाजों पर जाले लग गए हैं सन्नाटा पसर रहा।
इससे कोठी महल भूतहा महल के रूप में नजऱ आ रहा है। यह पैलेस करीब 136 साल पुराना है और आज भी राजसी वैभव का अहसास कराता है। इसकी बिल्डिंग काफी पुरानी हो चुकी है। इस कारण इसे संग्रहालय का रूप देना बड़ी चुनौती भी है। भवन आकार लेने के बाद ही इसमें भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण सहित देश के महानायकों के इतिहास को समाहित किया जा सकेगा।
लोकायुक्त का कब्जा बरकरार
कोठी महल का कब्जा कागजों पर स्मार्ट सिटी को भले ही मिल गया है, लेकिन संभागीय सतर्कता समिति, लोकायुक्त संगठन उज्जैन संभाग एवं लोकपाल मनरेगा संभाग उज्जैन का कार्यालय अभी एक कक्ष में चल रहा है।
इसलिए दुनिया का अनूठा होगा संग्रहालय
वीर भारत संग्रहालय दुनिया का सबसे अनूठा इसलिए होगा, क्योंकि देश के महानायकों का जीवन चरित्र इसमें खूबसूरती के साथ सहेजा जाएगा।
भगवान श्रीराम की 96 पीढिय़ों सहित वैदिक, उत्तर वैदिक के नायकों का चित्रण भी इसमें किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में विक्रमादित्य शोध पीठ के निदेशक और संग्रहालय के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी इस योजना को आकार दे रहे हैं।
कब्जा मिल गया: कोठी महल को वीर भारत संग्रहालय बनाने के लिए कब्जा मिल गया है। जीर्णोद्धार के लिए ठेका देने की प्रक्रिया अभी चल रही है। नीरज पांडे, अधीक्षण यंत्री, स्मार्ट सिटी








