दानपेटियों से 5.63 लाख के साथ निकले डॉलर, पौंड और दिरहम

विदेशों में भी शनि के कोप का भय, मंदिर के दानपात्र से मिली तीन देशों की मुद्रा

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन।इसे शनिदेव के प्रति आस्था कहें या उनके कोप का भय कि उज्जैन स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर की दो दानपेटियों से 5.63 लाख रुपयों के साथ तीन देशों की मुद्राएं भी मिली हैं। इनमें दिरहम, डॉलर और पौंड शामिल हैं। मंदिर प्रबंधन ने यह राशि सरकारी खजाने में जमा करा दी है।
इंदौर रोड स्थित नवग्रह शनि मंदिर में भी चढ़ावा खूब बढ़ने लगा है। मंगलवार को दो दानपेटियां खोली गईं तो उसमें से 5 लाख 67 हजार 500 रुपए की राशि निकली। कुछ समय पहले भी एक पेटी खोली गई थी, जिसमें से भी पांच लाख रुपए निकले थे। मंदिर प्रबंधक कार्तिकेय सेंगर ने बताया दान राशि मंदिर के खाते में जमा कर दी गई है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे से दान राशि की गिनती शुरू की गई जिसे पूरी करने में छह घंटे लगे। राशि गिनने के लिए पटवारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। दानपेटियों से एक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की मुद्रा एक दिरहम भी निकली है। इसके अलावा दो डॉलर और दो पौंड भी निकले। मान्यता है कि कई लोग शनि के प्रकोप से बचने के लिए भी मंदिरों में दान करते हैं। काले तिल, तेल, काला वस्त्र भी श्रद्धालुओं द्वारा अर्पण किए जाते हैं। इस बार तीन देशों की मुद्राएं मिलना नया अनुभव है।









