सामान समेटकर भाग रही थी, पति ने पीटा तो बोली- मैं लुटेरी दुल्हन हूं…

3.50 लाख देकर चिंतामण मंदिर में की थी शादी, दो महिलाओं की तलाश

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। गायत्री नगर में रहने वाले युवक ने जलगांव की युवती से चिंतामण मंदिर में शादी की। दो दिन रुकने के बाद युवती सामान समेटकर घर से भागने लगी। उसने परिजन के साथ मिलकर युवती को पकड़ा। पूछताछ की तो बोली मैं तो लुटेरी दुल्हन हूं। उसे युवक ने चिमनगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर तीन महिलाओं के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि गायत्री नगर आगर रोड़ में रहने वाले 32 वर्षीय अखिलेश पिता रमेशचंद्र पाटीदार के परिजन उसकी शादी के लिए लड़की की तलाश कर रहे थे। इसी बीच उसे पुष्पा सोनी निवासी शाजापुर का मोबाइल नंबर मिला। उसने संपर्क किया तो पुष्पा ने कहा मेरे परिचय में जलगांव की बेबीबाई पाटिल है जो रुपए लेकर शादी कराती है। अखिलेश ने उससे बात करने को कहा। पुष्पा ने एक लड़की का फोटो अखिलेश को दिखाया। उसका नाम सोनाली पाटिल निवासी जलगांव बताया। फोटो देखकर उसे लड़की पसंद आ गई। पुष्पा ने कहा कि लड़की वाले को 3 लाख 50 हजार रुपए देना होंगे। अखिलेश ने दो किश्तों में रुपए दिए।
नकली मां के साथ आई थी उज्जैन
पुष्पा सोनी ने रुपए मिलने के बाद 28 जनवरी को बेबीबाई पाटिल और सोनाली को उज्जैन बुलाया। अखिलेश से मुलाकात कराने के बाद सभी लोग चिंतामण मंदिर पहुंचे। यहां रीति रिवाज से अखिलेश व सोनाली की शादी हुई। सोनाली दुल्हन बनकर अखिलेश के घर चली गई। पुष्पा और बेबी अपने घर चले गए।
पहले से विवाहित थी युवती
30 जनवरी को सोनाली पाटिल सामान समेटकर घर से भागने की फिराक में थी। उसे अखिलेश और उसके परिजनों ने देख लिया। पकड़ा और सख्ती से पूछताछ की तो सोनाली ने उनके सामने पूरी कहानी बता दी। उसने कहा कि पुष्पा सोनी ने कहा था कि एक-दो दिन घर में रुकने के बाद मौका देखकर भागकर जलगांव आ जाना। मुझे हिस्से के 40 हजार रुपए देना। सोनाली ने यह भी कबूला कि वह पहले से विवाहित है। बेबीबाई उसकी असली मां नहीं है।
अब शादी कराने वाली की तलाश
पुलिस ने बताया कि सोनाली, पुष्पा सोनी, बेबीबाई के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। सोनाली गिरफ्तार है जिसे आज जेल भेजेंगे। शादी कराने वाली पुष्पा सोनी और नकली मां बेबीबाई की तलाश की जा रही है।









