1750 से ज्यादा पुलिसकर्मी भीड़ संभालेंगे

शिवरात्रि… चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे पुलिस के जवान

पुलिस ड्रोन से निगरानी करेगी
आठ सेक्टर के प्रभारी रहेंगे एएसपी
मंदिर परिसर में ही बनेगा कंट्रोल रूम
आईटी टीम पुलिस को सहयोग देगी
कैमरे- 200,थाना प्रभारी -38 ,सब इंस्पेक्टर -800 डीएसपी -18 ,यातायात जवान -130
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसी स्थिति में भीड़ प्रबंधन सबसे बड़ी समस्या है। इसी के मदद्ेनजर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पिछले दिनों राज्य शासन के निर्देश पर अधिकारियों का दल प्रयागराज गया था। इसमें पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी शामिल थे। अधिकारियों ने वहां भीड़ प्रबंधन को लेकर उत्तरप्रदेश पुलिस से कई टिप्स लिए। उसी के आधार पर शिवरात्रि पर व्यवस्थाएं संजोने की तैयारियां की जा रही हैं।
इसके अलावा शहर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने अपने विजन का इस्तेमाल भी किया है। पिछले अनुभवों को देखते हुए अधिकारी कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि हमने शिवरात्रि के लिए पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिन पुलिसकर्मियों को व्यवस्था में लगाया जाएगा, अलग हिस्सों में उन्हें प्रशिक्षित भी किया जा रहा है। इस बार पूरी व्यवस्था में 1750 से ज्यादा पुलिसकर्मी 25 मार्च की शाम से ही अपनी ड्यूटी संभाल लेंगे। वे २७ मार्च की सुबह तक तैनात रहेंगे। सभी प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उनके अधीन काम करने वालों को समझाएं कि आने वाले श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करें।
सीसीटीवी से लैस रहेगी व्यवस्था
एसपी ने बताया कि शिवरात्रि के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों के अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर करीब 200 कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए कंट्रोल रूम भी महाकाल मंदिर परिसर में ही बनाया जाएगा। ड्रोन कैमरे से पूरी व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा आईटी की टीम तैयार की गई है। इसमें अनुभवी इंजीनियरों को लिया गया है।
प्रत्येक सेक्टर के प्रभारी एएसपी होंगे
एसपी ने बताया कि शिवरात्रि की व्यवस्था के लिए कुल आठ सेक्टर बनाए गए हैं। इसके लिए एएसपी स्तर के अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है। कुल 3 शिफ्ट में व्यवस्था संभाली जाएगी। एएसपी के साथ डीएसपी स्तर के अधिकारी भी रहेंगे। आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। 38 थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। 800 से ज्यादा सब इंस्पेक्टर तैनात रहेंगे। 18 डीएसपी अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस टीम का नेतृत्व करेंगे।
कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी
एसपी ने बताया कि पुलिसकर्मियों के अलावा इस बार 250 नगर व ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। शहर के विभिन्न जिमनेशियमों में व्यायाम करने वाले युवाओं के अलावा कॉलेजों के छात्रों को भी व्यवस्था में लगाया जाएगा। जो कार्यकर्ता पुलिस एवं आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे हैं उन्हें भी जिम्मेदारी दी जाएगी। यातायात विभाग के 130 पुलिसकर्मियों को पूरे क्षेत्र में तैनात किया जाएगा। शहर के वे मार्ग जो महाकाल मंदिर के ओर जाते हैं वहां पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शहर के आंतरिक भागों में यातायात नियंत्रण के लिए वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। इसमें पुलिस प्रशासन को जनता का सहयोग चाहिए।








