शिवरात्रि पर अभिषेक कराने के नाम पर पंडितजी से 48 हजार की ऑनलाइन ठगी

वीडियो कॉलिंग कर युवक का अश्लील फोटो बनाकर ऑनलाइन ठगे 19500 रुपए

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। केन्द्र सरकार ने मोबाइल कॉलिंग रिंगटोन डाली, पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफाम्र्स पर चेतावनी जारी की उसके बाद भी ऑनलाइन ठगी करने वाले नए नए तरीके अपना कर लोगों के साथ वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे। गुरुवार को पंडितजी को एक व्यक्ति ने शिवरात्रि पर महाभिषेक कराने के नाम पर 48 हजार रुपए और एक युवक को वीडियो कॉल कर अश्लील फोटो बनाने के बाद 19500 रुपए की ठगी की। ऑनलाइन फ्रॉड में फंस चुके व्यक्तियों ने थाने पहुंचकर आवेदन दिए।
पुलिस ने बताया कि उजडख़ेड़ा हनुमान मंदिर के पास रहने वाले अनुराग शुक्ल पंडित हैं और पूजन पाठ अनुष्ठान कराते हैं। 27 फरवरी की शाम 7 बजे उनके मोबाइल पर अनजान व्यक्ति का फोन आया। उस व्यक्ति ने स्वयं को आर्मी ऑफिसर बताया और कहा कि देवासरोड स्थित आर्मी केम्प में जवानों को शिवरात्रि के अवसर पर अनुष्ठान कराना है जिसमें 21 पंडितों की आवश्यकता होगी। उक्त व्यक्ति ने अनुष्ठान का खर्च भी अनुराग शुक्ल से पूछा।
पंडितजी ने फर्जी आर्मी अफसर की बात पर भरोसा कर लिया और कहा कि 21 क्या 51 पंडितों का इंतजाम हो जाएगा। अनुष्ठान में 1 लाख रुपए का खर्च आएगा। अफसर ने अनुराग से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के लिए नंबर मांगा। दो बार रुपए उनके खाते में ट्रांसफर किए। इस दौरान पंडितजी को भरोसा दिलाने के लिए आर्मी केम्पस के फोटो भी उनके व्हाट्सएप पर सेंड किए।
अकाउंट में रुपए आने पर पंडितजी को भरोसा हो गया कि आर्मी अफसर सही बोल रहा है और उसे अनुष्ठान कराना है। कुछ देर बाद मोबाइल नंबर 8085685692 से उनके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि गलती से कम रुपए डल गए हैं आप वह रुपए ऑनलाइन रिटर्न कर दो। आपके द्वारा बताए रुपए फिर से डालेंगे।
पंडितजी ने उनके खाते में आए रुपए ऑनलाइन रिटर्न कर दिए। दो बार ऐसा करने के दौरान कॉल करने वाले व्यक्ति ने उनसे ओटीपी की जानकारी ले ली और पंडितजी के खाते से पहले 19999, 4000, 24000 रुपए निकाल लिए। उनके खाते से कुल 48 हजार रुपए निकले तो उन्हें शंका हुई। जिस नंबर से कॉल आया उस पर कॉल किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। तब पंडितजी समझ गए कि उनके साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ है। इसकी शिकायत लेकर वह थाने पहुंचे।
स्वयं के अश्लील फोटो देखकर घबराया
कहारवाड़ी रामघाट मार्ग पर रहने वाले युवक के मोबाइल पर 7987087177 वीडियो कॉल आया। उसे एक लडक़ी ने बातों में उलझाया और वीडियो से फोटो क्लिक कर लिए। उसके फोटो का उपयोग कर अश्लील फोटो वीडियो बनाए और उसके व्हाट्सएप पर सेंड करने के बाद उसे कॉल किया।
फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपयों की मांग की। अपनी इज्जत खराब होने के डर से युवक ने तीन बार 6500 रुपए ऑनलाइन कॉल करने वाले को भेजे। 19500 रुपए देने के बाद भी उक्त मोबाइल नंबरों से युवक को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। उसने परिजन को इसकी जानकारी दी। खास बात यह कि युवक ने अश्लील फोटो स्वयं के मोबाइल से भय के कारण डिलीट कर दिए। परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे और शिकायती आवेदन दिया।









