हेडकांस्टेबल की घर के बाहर खड़ी बुलेट चोरी

वाहन चोरों के हौसले बुलंद…

हैंडल लॉक तोड़ा, तार डायरेक्ट किया और स्टार्ट कर ले गया चोर
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। वाहन चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि आमजन तो ठीक पुलिस के वाहनों को भी चोरी कर ले जा रहे हैं। महानंदा नगर में घर के बाहर खड़ी हेडकांस्टेबल की बुलेट बदमाश चोरी कर ले गया। वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। चोरी की रिपोर्ट माधव नगर थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि महानंदा नगर निवासी संतोष पिता चतुर्भुज रावत की बुलेट क्रमांक एमपी 13 जेडक्यू 4030 घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब 9.30 बजे अज्ञात बदमाश उक्त बुलेट चोरी कर ले गया। संतोष रावत ने बताया कि वह पुलिस हेडकांस्टेबल हैं और देवास में पदस्थ हैं।
वह महानंदा नगर स्थित अपने घर बुलेट से आए थे तभी अज्ञात बदमाश ने घर के बाहर से बुलेट चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि 4 माह पहले ही उक्त बुलेट खरीदी थी। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बदमाश बुलेट चोरी करते दिख रहा है। उसने पहले बुलेट का हैंडल लॉक तोड़ा फिर तार को डायरेक्ट किया व बुलेट चोरी कर ले गया। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर बदमाश की तलाश शुरू की है।








