गऊघाट प्लांट और गंभीर के पंप बंद, सप्लाई गड़बड़ाई…

पीएचई अधिकारी ने कहा केवल स्टार्टर बंद हुआ

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। नगर निगम पीएचई में प्रशासनिक बदलाव की हलचल के बीच गऊघाट फिल्टर प्लांट का एक पंप और गंभीर डेम का पंप बंद होने के कारण गुदरी क्षेत्र की पानी सप्लाई गड़बड़ाने की खबर है, जबकि अधिकारी ने दावा किया है कि डेम का पंप बंद नहीं हुआ बल्कि स्टार्टर कुछ समय के लिए बंद हुआ था लेकिन इसके कारण पानी की सप्लाई पर कोई असर नहीं हुआ। गऊघाट प्लांट का भी एक पंप खराब हो गया, जिसे ठीक किया जा रहा है।
पूरे उज्जैन शहर को पानी की सप्लाई करने वाले गंभीर डेम का एक पंप शुक्रवार शाम को बंद हो गया। विभाग में अधिकारियों तक पहुंचे मैसेज के अनुसार 27 फरवरी।की सुबह से अम्बोदिया टीपी का एक पंप बंद होने की सूचना दी गई थी जबकि गऊघाट प्लांट का तीन नंबर का पंप भी शुक्रवार रात से बंद हो गया। इस कारण कम दबाव से जलप्रदाय के आसार बन गए। गुदरी क्षेत्र की एक टंकी में पानी भरा नहीं जा सका जिससे क्षेत्र की पानी सप्लाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
पंप बंद हुए, लेकिन ठीक कर रहे
जलकार्य समिति के प्रभारी प्रकाश शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि गऊघाट प्लांट का तीन नंबर पंप बंद हो गया था, जिसे ठीक किया जा रहा है। गंभीर डेम पर भी टीपी के कारण पंप बंद हुआ था।
सिर्फ स्टार्टर बंद हुआ था
गंभीर डेम का पंप बंद नहीं हुआ, सिर्फ स्टार्टर बंद हुआ था, जिसे चालू कर दिया गया। इसके कारण जलप्रदाय व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा।-शिवम दुबे, उपयंत्री पीएचई








