कर्जदारों से परेशान युवक ने जहर खाया, मौत

सुसाइड नोट में लिखे 3 युवकों के नाम, पुलिस ने दर्ज किया केस

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। ग्राम एरवास में रहने वाले युवक ने 6 मार्च को गांव के स्कूल प्रांगण में जहर खा लिया। परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां युवक की मृत्यु हो गई। डॉक्टर ने उसके पेंट की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया जिसमें आत्महत्या का कारण और तीन कर्जदारों के नाम लिखे थे। जांच के बाद चिंतामन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसआई मेवाराम शंखवार ने बताया कि एरवास निवासी 27 वर्षीय सुनील पिता नगजीराम मकवाना बोलेरो वाहन चलाता था। उक्त वाहन उसके पिता के नाम से रजिस्टर्ड है।
अपने शौक पूरे करने के लिए उसने मुल्लापुरा निवासी अंकुश माली, जैथल निवासी संजय पिता बालाराम चौहान और चिकली निवासी भगवान पिता नानूराम सूर्यवंशी से अलग-अलग समय में रुपये ब्याज पर उधार लिए थे। 6 मार्च को उसने एरवास के शासकीय स्कूल प्रांगण में सल्फास खा ली। परिजन ने उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान सुनील मकवाना की मृत्यु हो गई। डॉक्टर ने मृतक के पेंट की जेब से निकला सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा था। जिसमें अंकुश माली, संजय चौहान, भगवान सूर्यवंशी के नाम लिखे थे। सुनील ने अपने नोट में लिखा कि उक्त लोगों से ब्याज पर उधार रुपए लिए थे जिसके बदले 3 लाख रुपए लौटा दिए बावजूद इसके और रुपयों की मांग कर रहे थे।
बोलेरो छीनकर देवदर्शन को चले गए थे कर्जदार
सुनील से उक्त कर्जदारों ने रुपयों की मांग की और उसने रुपए देने में असमर्थता जताई तो तीनों ने उसकी बोलेरो छीन ली व सांवरियां जी दर्शन के लिए चले गए। वहां से लौटकर आए तो सुनील ने अपनी बोलेरो वापस मांगी लेकिन उन्होंने मारपीट कर उसे भगा दिया। कहा कि पहले रुपए वापस दो फिर वाहन लौटाएंगे। इसी घटना के बाद उसने गांव के स्कूल प्रांगण में पहुंचकर सल्फास खा ली थी।
मौत की खबर सुनी तो पेट्रोल पंप पर खड़ी कर दी बोलेरो
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर सुसाइड नोट की जांच शुरू की साथ ही परिजन के बयान भी दर्ज किए जिसमें सामने आया कि सुनील की शादी हो चुकी थी। उसका एक बेटा भी है। उसने उज्जैन में दूसरी महिला से भी शादी कर ली थी। इसी कारण कर्ज के चक्कर में फंस गया था। पुलिस ने जब उसके बोलेरो वाहन की तलाश की तो पता चला उक्त वाहन संजय चौहान के जैथल स्थित घर पर खड़ा है। पुलिस वहां पहुंची तो पता चला कि वाहन को पेट्रोल पंप पर खड़ा कर संजय भाग गया है। पुलिस ने पेट्रोल पंप से उक्त वाहन जब्त कर लिया है।









