प्रेम जाल में फंसाकर बनाए संबंध, बातचीत बंद हुई तो पति को दिखा दिए अश्लील वीडियो

महिला ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया, पुणे में कर रहा था फर्नीचर का काम, पुलिस पकडक़र लाई

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नलिया बाखल में किराए के मकान में रहने वाली महिला को दूर के रिश्तेदार ने प्रेम जाल में फंसाकर अश्लील वीडियो बना लिए। महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी तो पति को वही वीडियो दिखाकर वायरल करने की धमकी दी। महिला ने महाकाल थाने में उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। पुलिस युवक को पुणे से गिरफ्तार कर लाई।
घट्टिया थाना क्षेत्र के कलेसर में रहने वाली महिला अपने पति के साथ नलिया बाखल में किराए के मकान में रहती थी। कुछ साल पहले उसके घर दूर के रिश्तेदार बामडा राजस्थान निवासी सोनू पिता रामदीन का आना जाना शुरू हुआ। सोनू ने महिला को प्रेम जाल में फंसा लिया। जब पति घर नहीं होता तो सोनू महिला से मिलने पहुंच जाता। दोनों के बीच अवैध संबंध हुए जिसके वीडियो सोनू ने बना लिए। करीब डेढ़ साल तक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चलता रहा। फिर महिला ने सोनू से बातचीत बंद कर दी। इससे नाराज होकर उसने आपत्तिजनक वीडियो महिला के पति को दिखा दिए।
पहले पिटाई फिर रिपोर्ट दर्ज कराई
महिला के पति को जब सोनू और उसकी पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी लगी, आपत्तिजनक वीडियो देखे तो उसने पत्नी की पिटाई की। महिला ने उससे कहा कि सोनू ने जबरदस्ती की है। इस पर पति उसे अपने साथ महाकाल थाने ले गया और 12 मार्च 2024 को सोनू के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया।
कई शहरों में काटी फरारी
पुलिस ने बताया कि सोनू पहले से विवाहित था। उसने दूर की रिश्तेदार महिला से अवैध संबंध बनाए और एफआईआर दर्ज होने के बाद फरार हो गया। उसकी राजस्थान स्थित घर पर कई बार दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। उसकी मोबाइल लोकेशन पुणे की मिली। पुलिस टीम ने पुणे पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। वह पुणे में फर्नीचर बनाने का काम करता था। इससे पहले उसने अलग-अलग शहरों में भी फरारी काटी। सोनू को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
आशा कार्यकर्ता को अश्लील इशारे किए, आरोपी हिरासत में
दो दिन पहले घर पर अकेली आशा कार्यकर्ता के साथ मोहल्ले के युवक ने उसे घर में अकेला पाकर अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ की। महाकाल थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली 45 वर्षीय आशा कार्यकर्ता 26 अप्रैल को घर में अकेली थी। उसका पति काम पर गया था। तभी शफी मस्जिद क्षेत्र में रहने वाले भय्यू ने महिला को घर में अकेला पाकर अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ की और दरवाजे पर पहुंचकर बोला अंदर आ जाऊंग क्या। महिला का पति काम से लौटा तो उसने भय्यू की हरकत के बारे में बताया और थाने पहुंचकर उसके खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।








