पटाखे छोडऩे वाले साइलेंसर के पास बैठाया और पूछा बताओ तुम्हें कैसी लगी ये आवाज

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। जाके पैर न फटे बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई। जब खुद पर गुजरती है तब पता चलता है कि परेशानी क्या होती और तकलीफ क्या होती है। इसी दर्द का अहसास दिलाने के लिए माधव नगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने उन लडक़ों को सबक सिखाया जो बाइक से पटाखे छोड़ कर दूसरों को तकलीफ दे रहे थे और मजे ले रहे थे।

उन्हें न सिर्फ बाइक सहित पकड़ा बल्कि साइलेंसर के पास बैठा कर एंगल बनाया कि आवाज उनके कानों तक पहुंचे। बाइक स्टार्ट की और उन्हें आवाज सुनवाई और पूछा क्यों.. मजा आया? यह आवाज सहन कर सकते हो? बोलो अब ऐसा करोगे? वे क्या बोलते। पुलिस की हिरासत में थे। यही कहा, जी अब नहीं करेंगे। पुलिस ने उनके साइलेंसर निलवा दिए और न्यायालय का पंचनामा भी बनवा दिया।
AdvertisementView this post on Instagram
Advertisement
ध्वनि प्रदूषण, अवैध वाहन संचालन और शहर की शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत थाना माधवनगर पुलिस टीम ने कोठी रोड क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान दो अलग-अलग बाइक चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि कोठी रोड पर कुछ युवक राह चलते लोगों को बुलेट से पटाखे की आवाज निकाल कर डरा रहे थे, पुलिस ने दोनों गाड़ी पर सवार युवकों को पकडक़र उनकी गाड़ी जब्त कर ली।
दोनों पैदल ही थाने पहुंचे
मजेदार बात यह रही कि पुलिस ने दोनों युवकों से कहा तुम पैदल ही थाने जाओगे। वे चल दिए। पुलिस रोका और कहा अकेले नहीं, गाड़ी धकाते हुए ले जाओगे। युवक अपनी भारी-भरकम गाड़ी को धक्का मारते हुए पसीने में तरबतर हालत में थाने पहुंचे। पकड़ी गई बाइक के साइलेंसर के पास युवकों को बैठाया गया और गाड़ी के साइलेंसर से तेज आवाज निकाली। थाना प्रभारी ने कहा कि जब तुम जैसे नौजवान इस कर्कश आवाज को सहन नहीं कर सकते तो बताओ राह चलते बुजुर्गों के दिल पर क्या बीतती होगी?
पुलिस ने बाइक में लगे साइलेंसर निकलवाए और जब्त कर लिए। चालान बनाने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों चालकों के पास न तो वाहन के वैध दस्तावेज, नंबर प्लेट, ड्राइविंग लाइसेंस थे और न ही जुर्माना भरने की तत्परता दिखाई गई। इन परिस्थितियों में पुलिस टीम ने मौके पर ही दोनों बुलेट को जब्त किया और मोटर यान चेकिंग पंचनामा बना दिया।









