खाना देने से इंकार किया तो लाठी से पीटा, फिर अस्पताल आकर धमकाया

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र में खाना देने से मना करने पर एक युवक इतना गुस्सा हो गया कि उसने सामने वाले शख्स पर लाठी से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इसके बाद मारपीट करने वाला युवक रात में अपने साथियों के साथ फिर अस्पताल पहुंचा और घायल को धमकाया।

घायल का नाम विक्रम पंवार निवासी गोंदिया (चिंतामण) है। घायल ने बताया कि बुधवार शाम करीब ६.३० बजे राहुल पिता लालसिंह मकवाना खाना मांगने आया। उस वक्त खाना नहीं बना था इसलिए इंकार कर दिया। इसके बाद राहुल, उसकी मां मीराबाई और भाई पूनम गाली-गलौच करने लगे, उन्हें गाली देने से मना किया तो राहुल ने लाठी से सिर पर हमला कर दिया जिससे खून बहने लगा। इसके परिजन उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंचे।
रात में धमकाने पहुंचा: घायल विक्रम, उनकी पत्नी एवं अन्य परिजनों ने बताया कि भर्ती करवाने के बाद रात में राहुल अपने चार साथियों के साथ चरक अस्पताल पहुंचा और उन्हें धमकाकर वापस चला गया।









