लुटेरी दुल्हन और साथी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, रैकेट का मास्टरमाइंड अभी फरार

16 जून को ग्राम बिछड़ौद के रहने वाले युवक से रचाई थी शादी पति ने शक होने पर तीनों को कर दिया था कमरे में बंद

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम बिछड़ौद में शादी के तीन दिन बाद भागने की कोशिश कर रही लुटेरी और उसकी दो साथी महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस रैकेट को चलाने वाला इंदौर का मास्टरमाइंड फरार है जिसकी सरगर्मी से पुलिस तलाश कर रही है। पति ने ही शक होने पर तीनों को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी थी जिसके बाद पुलिस उन्हें साथ ले गई थी। दुल्हन परिवार को लाखों रुपए का चूना लगाकर फरार होने की फिराक में थी लेकिन परिवार की जागरुकता से उसका पैंतरा काम नहीं आया।
दरअसल, बिछड़ौद के रहने वाले 35 वर्षीय संजय बैरागी की शादी नहीं हो पा रही थी। पेशे से ड्राइवर संजय के रिश्तेदारों ने इंदौर की युवती से शादी करवाने बात कही थी जिसके बाद संजय अपने परिवार के साथ लडक़ी देखने बड़वाह पहुंचा। यहां उसे दो लड़कियां दिखाई गईं जिसके बाद उसे लक्ष्मणपुरा (इंदौर) निवासी भावना पिता प्रहलाद मराठे पसंद आई। भावना ने भी संजय का घर देखा और शादी के लिए हां कर दी। शादी तय होते ही भावना के परिजनों ने गाड़ी से आने के नाम पर संजय से 11 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवा और शादी के लिए 1.80 लाख रुपए कैश लिए। शपथ पत्र बनवाने के बाद गांव के मंदिर में संजय और भावना की शादी करवा दी गई।
पति से बनाई दूरी
शादी की रात भावना ने तबीयत ठीक नहीं होने का बहाना बनाया। इसके अगले दिन पीरियड का हवाला दिया। इससे संजय और उसके परिवार को भावना पर शक हुआ और उन्होंने उस पर नजर रखना शुरू की। इसी बीच भावना ने अपनी साथी सुधा पति शेषनारायण पांडे और सोनू पति कमलेश रायकवार निवासी इंदौर को लेने के लिए बुलाया। जैसे ही दोनों महिलाएं घर आईं संजय और उसके परिवार ने उन्हें कमरे में बंद कर पुलिस बुला ली।
इनका कहना
तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे रैकेट को चलाने वाला मुख्य आरोपी अभी फरार है। महिलाओं के मोबाइल से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं जिससे यह पता चला है कि पहले भी यह इस तरह के काम करते आए हैं, जांच की जा रही है।
करण खोवाल, टीआई, थाना घट्टिया









