रामघाट पर एक फीट कम हुआ शिप्रा का जलस्तर

पानी में बहकर आई जलकुंभी छोटी रपट पर अटकी, हटाने के लिए जुटे रहे सफाई कर्मचारी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते पिछले दिनों बढ़े शिप्रा के जलस्तर में सोमवार को एक फीट की कमी आई। छोटी रपट से एक फीट ऊपर बह रहा पानी उतर गया और रपट दिखाई देने लगी। हालांकि, नदी में बड़ी मात्रा में जलकुंभी बहकर आ गई जो छोटी रपट पर आकर अटक गई जिसके बाद सफाई कर्मचारी उसे निकालने के लिए जद्दोजहद करते रहे।
दरअसल, मानसून की दस्तक के बाद से बादल लगातार बरस रहे हैं जिसके चलते पिछले तीन दिनों से शिप्रा का जलस्तर बढ़ा हुआ था और छोटी रपट से एक फीट ऊपर पानी बह रहा था। सोमवार को इसमें एक फीट की कमी आई लेकिन नदी में जलकुुंभी बहकर आ गई जो रपट पर आकर फंस गई जिसके बाद सफाई कर्मचारी उन्हें निकालते रहे।
हालांकि, पानी कम होने के बाद भी बतौर एहतियातन बैरिकेड लगाकर रपट पर आवागमन बंद किया हुआ है और लगातार अनाउसमेंट कर श्रद्धालुओं को कहा जा रहा है कि कोई भी रपट से गुजरने का प्रयास ना करे।









