फ्रीगंज ओवरब्रिज से एलिवेटेड ब्रिज को जोडऩे का प्रस्ताव

नए फोरलेन ब्रिज को जोडऩे का प्रस्ताव खारिज, अब मौजूदा ब्रिज पर होगा मंथन

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। फ्रीगंज में बन रहे नए फोरलेन ओवरब्रिज को चामुंडामाता चौराहा से प्रस्तावित फ्लाईओवर (एलिवेटेड) ब्रिज से जोडऩे के प्रस्ताव पर भी मंथन हुआ लेकिन लंबाई अधिक होने से इसे खारिज कर दिया है। मौजूदा ओवरब्रिज को फ्लाईओवर से जोडऩे पर मंथन चल रहा है, लेकिन इस पर अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।
फ्रीगंज में नया ओवरब्रिज बनाने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी ने दोनों सिरों पर साइट क्लियरेंस का काम तेज कर दिया है। रेलवे पटरी पर ब्रिज बनाने का काम भी पीडब्ल्यूडी (ब्रिज) द्वारा ही रेलवे अधिकारियों की देखरेख में किया जाएगा। इससे रेलवे पोर्शन भी जल्द बनने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार पीडब्ल्यूडी ब्रिज के अधिकारियों के सामने यह प्रस्ताव भी आया कि इसे आगर रोड (मकोडिय़ाआम चौराहा के आसपास) से इंदौरगेट तक बनने वाले 630 मीटर लंबे फ्लाईओवर ब्रिज से चामुंडा मंदिर चौराहा पर जोड़ दिया जाए, लेकिन सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद प्रशासन और पीडब्ल्यूडी ने तय किया है कि अभी फोरलेन ब्रिज की योजना में कोई बदलाव नहीं किया जाए।
इसकी वजह यह कि निर्माणाधीन ब्रिज की लंबाई बढ़ाना पड़ेगी और इसका वर्क ऑर्डर भी जारी किया जा चुका है। तीसरा कारण यह कि इसके लिए ब्रिज का काम भी रोकना पड़ेगा। आखिरकार तय किया गया है कि नया ओवरब्रिज बनने के बाद मौजूदा पुराने ब्रिज को फ्लाईओवर ब्रिज से जोड़ा जा सकता है। इस पर प्रशासन कोई निर्णय लेगा।
फोरलेन ओवरब्रिज का ले आउट साइट पर लगेगा
वर्तमान में बंद बिनोद मिल की जगह से बन रहे नए फोरलेन ब्रिज की योजना को लेकर स्थिति साफ करने के लिए ले आउट प्लान साइट पर ही एक बड़े फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार अभी पेड़ और पुराने निर्माण हटाए जा रहे हैं। साइट पूरी तरह से क्लियर होने के बाद ही लेआउट तय हो सकेगा। ब्रिज का एक सिरा ग्रांड होटल के सामने होगा। फोरलेन ब्रिज की एक ब्रांच मक्सी रोड की तरफ भी होगी लेकिन यह केवल उतरने के लिए वन वे होगी।
आगर रोड से सीधे फ्रीगंज आ सकेंगे लोग!
मौजूदा ओवरब्रिज को फ्लाईओवर ब्रिज से जोडऩे पर लोग आगर रोड से सीधे फ्रीगंज क्षेत्र में आ सकेंगे। दरअसल सिंहस्थ सब डिविजन द्वारा फ्लाईओवर ब्रिज की योजना तैयार की जा रही है। इसी दौरान यह प्रस्ताव सामने आया है। यह फ्लाईओवर सीआरआईएफ फंड से बनाया जाएगा। फिलहाल सिंहस्थ संभाग इसकी संभावना टटोलेगा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिशानिर्देशानुसार अंतिम निर्णय लेगा। नया ओवरब्रिज बनने के बाद पुराने ओवरब्रिज को उपयोग में लिया जाए या नहीं, इस पर भी अभी कोई निर्णय नहीं हो सका है, क्योंकि माधवक्लब रोड और माधवनगर रेलवे स्टेशन की तरफ जाने और आने के लिए पुराना ओवरब्रिज ही काम आएगा।
फोरलेन ब्रिज का काम न रोकने का फैसला: यह सही है कि नए बन रहे फोरलेन ओवरब्रिज को प्रस्तावित एलिवेटेड से जोडऩे का प्रस्ताव वैचारिक रूप से आया था, लेकिन अभी इसमें कोई बदलाव न करने का निर्णय लिया गया है। ब्रिज का काम रोका नहीं जाएगा और योजनानुसार ही जारी रहेगा।-पीएस पंत, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी ब्रिज









