10th के छात्र ने मफलर का फंदा बनाकर जान दी

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र के कंचन विहार में सोमवार शाम 16 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मूलत: टोंकखुर्द निवासी यश पाटीदार यहां किराए का कमरा लेकर 10वीं की पढ़ाई कर रहा था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।

यश अपने दोस्त यशवंत पाटीदार के साथ कंचन विहार में मंगलेश पाटीदार के मकान में किराए से रहकर पढ़ाई करता था। उसके दोस्त यशवंत ने बताया कि सोमवार दोपहर वह स्कूल से लौटा था। उस समय उसके चाचा संजय पाटीदार भी उससे मिलने आए थे। यश उस वक्त बिल्कुल सामान्य था और उसने चाचा के साथ काफी हंसी-मजाक भी किया।
चाचा के जाने के बाद सभी दोस्त खाना खाकर सो गए। शाम को जब दोस्तों की नींद खुली तो यश नदारद था। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो दोस्त उसे ढूंढने छत पर गए, जहां वह सीढिय़ों के पास मफलर के फंदे से लटका हुआ मिला। दोस्तों ने तुरंत यश को फंदे से उतारा और स्थानीय लोगों की मदद से चरक अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दोस्तों के अनुसार यश के पास मोबाइल भी नहीं था और उसने कभी किसी तरह के तनाव या परेशानी का जिक्र नहीं किया था। नीलगंगा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है जिससे आत्महत्या के कारणों को लेकर रहस्य बना हुआ है।









