सहज दर्शन के साथ श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं होने पर फोकस

महाशिवरात्रि की तैयारियां… कलेक्टर और प्रशासक पैदल पहुंचे निरीक्षण करने
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां श्री महाकालेश्वर मंदिर में जोरशोर से की जा रही है। अब अधिकारी भी व्यवस्थाओं को लेकर मैदान में उतर आए हैं। रविवार को कलेक्टर और मंदिर प्रशासक ने श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन कराने और किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए मंदिर परिक्षेत्र और महाकाल लोक का निरीक्षण किया।
दरअसल, 6 फरवरी से शिव नवरात्रि की शुरुआत होने जा रही है। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी के चलते रविवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और प्रशासक प्रथम कौशिक ने महाकाल मंदिर परिक्षेत्र एवं श्री महाकाल लोक के आंतरिक एवं बाह्य क्षेत्रों का भ्रमण और निरीक्षण किया। इस दौरान दर्शन मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इसके अलावा मंदिर परिसर और श्री महाकाल लोक में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा भी लिया। अधिकारियों ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के लिए कहा ताकि महाशिवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो।
गर्भगृह में रुद्रयंत्र और रजत दीवारों की सफाई

इधर, महाशिवरात्रि पर्व के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर के शिखर की सफाई, रंगरोगन, कोटितीथ कुंड की सफाई के साथ रविवार को गर्भगृह में रजत दीवारों और रुद्रयंत्र की सफाई का काम शुरू हो गया।
जल्द ही सभी विभागों की बैठक लेकर व्यवस्था बनाई जाएगी
महाशिवरात्रि पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। उनके आने-जाने की व्यवस्था क्या रहेगी, इसे लेकर मुआयना किया है। जल्द ही सभी विभागों की बैठक लेकर व्यवस्था बनाई जाएगी ताकि मीडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं को इसका पता चल सके और दर्शन करने में आसानी हो।
रौशन कुमार सिंह, कलेक्टर









