12 दिन बाद भी पुलिस गिरफ्त से दूर शातिर चोरों की गैंग

मामला नजरपुर के आशापुरी मां भवानी मंदिर में चोरी का, पुलिस की तीन टीमें चोरों की तलाश में जुटी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम नजरपुर स्थित प्राचीन आशापुरी मां भवानी मंदिर में हुई लाखों रुपए के आभूषणों की चोरी की वारदात के 12 दिन बीतने के बाद भी घट्टिया पुलिस अब तक चोरों को नहीं पकड़ सकी है। फिलहाल पुलिस की तीन टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
दरअसल, 27-28 जनवरी की दरमियानी रात करीब 3 बजे चेहरे पर कपड़ा बांधकर आए तीन चोरों ने नजरपुर स्थित प्राचीन आशापुरी मां भवानी मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर यहां से मां का मुकुट, छत्र सहित 6 से 7 किलो के चांदी के आभूषण ले उड़े थे जिनकी कीमत लाखों में बताई गई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया जिसमें एक चोर खिड़की से अंदर आता है, जबकि उसके दो साथी बाहर खड़े हैं।
मंदिर में घुसा चोर पहले मां को प्रणाम करता है। फिर बाल्टी के ऊपर चढ़कर चांदी के छत्र उतारता है और साथियों को देता है। इसके बाद अन्य रजत आभूषण लेकर चला जाता है। खास बात यह है कि मंदिर में घुसे चोर ने जूते पहन रखे थे। चोर चांदी का छत्र, मुकुट, नथनी, हार सहित करीब 6 से 7 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। मामले में घट्टिया थाना पुलिस सहित तीन टीमें चोरों की तलाश में सरगर्मी से जुटी हैं।
डॉग स्क्वॉड भी पहुंचा था
चोरी की सूचना मिलते ही घट्टिया थाना पुलिस के अलावा साइबर सेल, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर पहुंचे थे जिसने मंदिर सहित आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर साक्ष्य जुटाए थे। इसके अलावा मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे चैक करने पर उसमें चेहरा ढंके हुए तीन चोर नजर आए थे।
तलाश जारी है…
चोरों की गैंग काफी शातिर है। जिन्होंने पांच-छह जगह पर इस तरह के घटनाक्रम को अंजाम दिया है। ऐसे में उनकी तलाश जारी है।
करण खोवाल
टीआई, थाना घट्टिया








