महाकाल मंदिर में सितारों का जमावड़ा, जैकलीन-एकता ने टेका मत्था

सफेद पोशाक में श्रद्धा भाव के साथ पहुंची फर्नांडिस, सादगी से किए दर्शन

उज्जैन। महाकाल मंदिर में रविवार को फिल्म जगत की बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। सुबह कंटेंट क्वीन एकता कपूर ने टीम के साथ हाजिरी लगाई। दोपहर मेंं मशहूर अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस भी आशीर्वाद लेने पहुंचीं। एकता के साथ बॉलीवुड और टीवी की पांच जानी-मानी अभिनेत्रियां नीलम कोठारी, दीपशिखा नागपाल, विद्या मालवदे, सीमा किरण सचदेव और पूजा भी मौजूद थीं। एकता ने विशेष पूजन कर रागिनी एमएमएस 3 और रियलिटी शो लॉक अप की सफलता के लिए प्रार्थना की। महाकाल दर्शन के बाद पूरा दल मंगलनाथ मंदिर पहुंचा। यहां मंगल ग्रह की शांति और कार्यों में सिद्धि के लिए विशेष भात पूजन किया गया।
अपनी टीम के साथ एकता कपूर
एकता कपूर के दल के बाद दोपहर में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस भी महाकाल के दरबार में नजर आईं। जैकलीन पूरी तरह भक्ति के रंग में डूबी दिखीं। उन्होंने सफेद रंग का भारतीय सलवार-सूट पहना था और सिर पर पल्लू रखकर बेहद सादगी के साथ दर्शन किए।
जैकलीन ने नंदी हॉल में बैठकर काफी समय तक ओम नम: शिवाय का जाप किया और फिर नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। दर्शन के बाद उन्होंने मीडिया से संक्षिप्त चर्चा में कहा, बाबा महाकाल के दर्शन पाकर मन को अद्भुत शांति मिली है। उज्जैन की ऊर्जा बहुत सकारात्मक है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, आगामी महाशिवरात्रि महोत्सव को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां चल रही हैं, जिसके चलते देश-विदेश से श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।









