दो बाइक पर आए पांच बदमाश, 30 सेकंड में लॉक खोला और कार लेकर रफूचक्कर

उज्जैन। कानीपुरा रोड की रतन एवेन्यू कॉलोनी में कार चोरी की वारदात सामने आई है। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो बाइक पर पांच चोर पहुंचे और बमुश्किल 30 सेकंड में कार का लॉक खोला उसे तराना रोड की ओर लेकर रफूचक्कर हो गए। चोरी गई कार रतन एवेन्यू कॉलोनी में रहने वाले विकास अग्रवाल की है। अग्रवाल कृषि उपज मंडी में व्यापारी हैं। सोमवार रात उन्होंने कार अपने घर के पास गार्डन के सामने खड़ी की थी। रात में दो बाइक पर पांच चोर पहुंचे। इनमें से दो ने कार का लॉक खोला और एक युवक कार चलाकर कॉलोनी से बाहर ले गया। शेष चार बाइक पर बैठकर रवाना हो गए। इस कार को तलाशने के लिए चिमनगंज थाना पुलिस ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
जिस कार में आग लगी, वही निकली
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात कानीपुरा-तराना रोड पर ही ग्राम सिंदूरिया में एक कार जलती हुई अवस्था में मिली थी। इस कार की वजह से फसल में भी आग लग गई थी। सिंदूरिया में मिली यह कार वही कार है जो रतन एवेन्यू कॉलोनी से चोरी हुई है। इसकी पुष्टि खुद कार मालिक विकास अग्रवाल ने की है। संभावना है कि चोर से ही कार दुर्घटनाग्रस्त हुई और आग लगने पर वह उसे वहीं छोड़कर भाग निकला।









